नेपाल के ब्रह्माकुमारी राजयोग उपसेवा केंद्र, फुतुंग के तत्वावधान में "सकारात्मक सोच द्वारा रचनात्मक जीवनशैली" विषय पर दो दिवसीय कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, समाजसेवी, युवा तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 550 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तारकेश्वर नगर पालिका के नगर प्रमुख कृष्ण हरि महर्जन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता एवं चरित्र निर्माण को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षक बीके राजू ने सकारात्मक चिंतन, भावनात्मक संतुलन तथा राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से जीवन को सफल और संतुलित बनाने के व्यवहारिक सूत्र साझा किए। बीके ज्योति ने राजयोग के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि विक्की किशोर ने मेडिटेशन को सफल जीवन की वास्तविक आधारशिला बताया।
दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा आत्म-सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न व्यवहारिक सत्रों का लाभ उठाया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक एवं जीवनोपयोगी बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
























