ब्रह्माकुमारीज़ के हैदराबाद स्थित शांति सरोवर के ग्लोबल पीस ऑडिटोरियम में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल श्री प्रताप शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ शांति सरोवर की निदेशिका बीके कुलदीप दीदी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला और कहा कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से व्यक्ति न केवल नशे से मुक्त हो सकता है, बल्कि मूल्यनिष्ठ एवं सकारात्मक जीवन भी जी सकता है।
इसके पश्चात माय भारत के तेलंगाना राज्य निदेशक सी.एच. अन्वेष, डीपीएस के अध्यक्ष एम. कुमारैया तथा तेलंगाना के मुख्यमंत्री के विधायक मामलों के विशेष अधिकारी एम. दाना किशोर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्री प्रताप शुक्ला ने कहा कि
नशा मुक्त भारत का निर्माण प्रत्येक परिवार से प्रारंभ होगा। जब प्रत्येक घर नशा मुक्त बनेगा, तभी राज्य और देश नशा मुक्त बन सकेगा। उन्होंने कहा कि एक सक्षम, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए जागरूक एवं अनुशासित युवा पीढ़ी की आवश्यकता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आध्यात्मिक मूल्यों, राजयोग ध्यान, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, मूल्य आधारित शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के पोस्टर का लोकार्पण किया, उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई तथा ब्रह्माकुमारीज़ के 10 प्रतिनिधियों को अभियान ध्वज भेंट कर राष्ट्रव्यापी जन-जागरण अभियान का शुभारंभ कराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों, युवाओं एवं नागरिकों ने नशा मुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जन-जागरण फैलाने का संकल्प लिया। यह अभियान स्वस्थ, सशक्त और मूल्यनिष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
























