22 मार्च 2025 को ग्वालियर के माधवगंज स्थित प्रभु उपहार भवन में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के महिला विंग द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर “वंदेमातरम् – स्वर्णिम भारत” थीम के अंतर्गत शक्ति साधना पर्व का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देवी माँ की सजीव एवं चैतन्य झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसका सभी श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक दर्शन लाभ लिया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी, शासकीय व्याख्याता एवं निशुल्क विधिक सेवा केंद्र प्रभारी केआरजी कॉलेज डॉ. मौला तिवारी, राष्ट्रीय स्तर की कुकरी प्रतियोगिता विजेता एवं रेसिपी क्रिएटर वंदना जग्गी, अधिवक्ता आभा मिश्रा, शिक्षिका आभा राठौर, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय स्वास्थ्य संघ की अध्यक्ष श्रीमती आशा सिंह, समाजसेवी कविता पमनानी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके आदर्श दीदी ने कहा कि
नारी शक्ति संपूर्ण सृष्टि की आधारशिला है। नारी केवल एक शरीर नहीं, बल्कि सृजन, पालन और परिवर्तन की चेतना है। उन्होंने कहा कि शक्ति साधना पर्व हमें अपने भीतर की आत्मशक्ति को पहचानने और जागृत करने की प्रेरणा देता है, जिससे नारी स्वयं के साथ-साथ समाज को भी सही दिशा दे सकती है।
डॉ. मौला तिवारी ने अपने उद्बोधन में
“वंदे मातरम्” और “स्वर्णिम भारत” की भावना को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह विचारधारा महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास और सशक्तता का संचार करती है तथा यह विश्वास दिलाती है कि नारी किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं है।
आभा राठौर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि
हमें अपने कर्तव्यों और लक्ष्यों पर पूर्ण निष्ठा के साथ केंद्रित रहना चाहिए, जिससे कोई भी परिस्थिति हमें विचलित नहीं कर सकती।
वंदना जग्गी ने कहा कि
वंदे मातरम् केवल एक नारा नहीं, बल्कि आत्मशक्ति को जागृत करने वाली भावना है। उन्होंने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं कानूनी ज्ञान के महत्व पर भी बल दिया।
आभा मिश्रा ने नई पीढ़ी को
उत्तम संस्कारों के साथ आध्यात्मिक ज्ञान देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे वे केवल बुद्धिमान ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और चरित्रवान भी बनेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों को संस्थान की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन श्रीमती आशा सिंह द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया, जिन्होंने अपने संबोधन में नारी की शिक्षा, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता को समाज की प्रगति का आधार बताया।
कार्यक्रम के अंत में बीके रोशनी बहन द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर संस्कार मंजरी की संस्थापिका श्रीमती नीलम गुप्ता, अखिल भारतीय सामाजिक स्वास्थ्य संघ की सचिव उमा चौहान सहित अनेक समाजसेवी बहनों एवं ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र से जुड़े भाई-बहनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।





















