ब्रह्माकुमारीज़ के कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड एवं सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में हरियाणा के लाडवा गांव को देश का प्रेरणादायी आदर्श ग्राम बनाने के महाअभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर लगभग 2,000 ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा आजीविका संवर्धन सहित ग्रामीण विकास के विभिन्न आयामों पर योजनाबद्ध एवं समग्र रूप से कार्य किया जाएगा, जिससे लाडवा गांव को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, सशक्त एवं आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि
किसी भी विकास अभियान की सफलता तभी संभव है जब गांव का प्रत्येक नागरिक उसे अपना अभियान मानकर सक्रिय सहभागिता निभाए। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा मानवता एवं समाज कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए लाडवा गांव के चयन के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हिसार की विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल तथा ब्रह्माकुमारीज़ कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग की राष्ट्रीय अध्यक्षा बीके सरला दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि
समाज, प्रशासन, उद्योग एवं आध्यात्मिकता के समन्वित प्रयासों से किसी भी गांव को आदर्श एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता एवं नियमित ग्राम सभाओं के माध्यम से लाडवा पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल विलेज बनेगा।
ब्रह्माकुमारीज़ हिसार सब-जोन की प्रभारी बीके रमेश दीदी ने सभी ग्रामवासियों से आह्वान किया कि वे संकल्प लें कि लाडवा केवल एक गांव नहीं, बल्कि पूरे देश का "लाडला गांव" बने। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संस्था ने लाडवा गांव को समग्र विकास के लिए अपनाया है, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, संस्कार निर्माण एवं सामाजिक जागरूकता सहित अनेक क्षेत्रों में निरंतर सेवाएं संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान सभी विशिष्ट अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समापन अवसर पर गांव के भाइयों को राष्ट्रध्वज एवं मातृशक्ति को कलश भेंट कर आदर्श ग्राम निर्माण के इस महाअभियान को पूर्ण समर्पण एवं जनसहयोग के साथ सफल बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
यह महाअभियान आध्यात्मिक मूल्यों, जनभागीदारी और समग्र ग्रामीण विकास के माध्यम से लाडवा गांव को विकसित भारत की दिशा में एक प्रेरणादायी आदर्श ग्राम के रूप में स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल है।





















