07 सितम्बर 2026 को अहमदाबाद स्थित आईसीएमआर-राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान में संस्थान के सभी अधिकारियों के लिए “डिजिटल वेलनेस” विषय पर हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में ब्रह्माकुमारीज़ डिजिटल वेलनेस टीम के श्री बी.के. बाला किशोर जी ने डिजिटल साधनों के संतुलित, सजग एवं स्वस्थ उपयोग के विषय पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य और कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए जागरूकता एवं आत्म-अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
अपने व्याख्यान में उन्होंने बताया कि सीखने और कार्य करने में ध्यान (Attention) अत्यंत आवश्यक है। बार-बार ध्यान बदलने यानी Attention Switching से हमारी उत्पादकता और विषय को गहराई से सीखने की क्षमता प्रभावित होती है। उन्होंने कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने और ध्यान भटकने से बचने के लिए योजना (Planning) के अभ्यास को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने “डिजिटल ड्रोउनिंग” की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला, जिसमें लगातार डिजिटल सूचनाओं और सामग्री में डूबे रहने से मानसिक थकान एवं तनाव बढ़ सकता है। इसके समाधान के रूप में “डिजिटल साइलेंस” का अभ्यास करने की प्रेरणा दी गई, जो मानसिक शांति, आत्म-चिंतन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है।
कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल साधनों के प्रति अधिक सजग, संतुलित और स्वस्थ दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया गया।























