ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा "आध्यात्मिक सशक्तिकरण से विश्व एकता एवं विश्व नव-निर्माण" विषय पर आयोजित पाँच दिवसीय राजयोग अनुभूति शिविर का शुभारम्भ ग्लोबल ऑडिटोरियम, मनमोहिनी वन में आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। शिविर में देशभर से आए भाई-बहनों ने सहभागिता करते हुए राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं आत्मिक सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जयपुर सबज़ोन प्रभारी बीके सुषमा दीदी ने कहा कि आध्यात्मिक सशक्तिकरण ही विश्व शांति, विश्व एकता और मानवता के उज्ज्वल भविष्य का सशक्त आधार है। उन्होंने सभी को परमात्म स्मृति एवं राजयोग के अभ्यास द्वारा अपने जीवन में दिव्य गुणों और शक्तियों को विकसित करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर बहादुरगढ़ सेक्टर-13 सेवा केन्द्र की प्रभारी बीके रेनू बहन, नई बस्ती सेवा केन्द्र की प्रभारी बीके अमृता बहन, शांतिवन से वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके हंसा बहन, राजयोग शिक्षिका बीके विजय लक्ष्मी बहन तथा बिजनेस एंड इंडस्ट्री विंग के समन्वयक बीके सुरेन्द्र भाई विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के प्रथम दिवस में राजयोग मेडिटेशन, प्रेरणादायी वीडियो, ब्रह्माकुमारीज़ संस्था का परिचय, स्वागत गीत, दीप प्रज्वलन तथा शिविर के उद्देश्यों पर आधारित प्रेरक उद्बोधन आयोजित किए गए। वक्ताओं ने बताया कि राजयोग आत्मा को परमात्मा से जोड़कर आंतरिक शक्तियों का जागरण कराता है, जिससे व्यक्ति तनावमुक्त, मूल्यनिष्ठ, संतुलित एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने में सक्षम बनता है।
शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाते हुए स्वयं के सशक्तिकरण के साथ विश्व कल्याण एवं विश्व नव-निर्माण के महान संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।




















