पुणे स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के जगदंबा भवन में प्रमुख ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सॉफ्टवेयर विकास केंद्र फ़ॉर्विया हेल्ला (FORVIA HELLA) के 40 वरिष्ठ प्रबंधकों के लिए “द कॉस्ट ऑफ अनमैनेज्ड इमोशंस इन लीडरशिप” विषय पर विशेष सीनियर लीडरशिप रिट्रीट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भावनात्मक संतुलन, आत्म-जागरूकता और सकारात्मक निर्णय क्षमता के माध्यम से प्रभावी नेतृत्व को विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जगदंबा भवन की संचालिका बी.के. सुनंदा दीदी के स्वागत एवं शुभकामना संदेश के साथ हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए आत्मिक विकास और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला।
मनोचिकित्सक बी.के. स्वरूपती ने
विभिन्न सत्रों के माध्यम से भावनाओं को समझने, विचारों का प्रबंधन करने और आंतरिक नेतृत्व क्षमता विकसित करने के महत्व को स्पष्ट किया। वहीं, राजयोग शिक्षिका बी.के. मिताली ने धैर्य एवं क्षमा की शक्ति पर मार्गदर्शन देते हुए बताया कि भावनात्मक संतुलन प्रभावशाली नेतृत्व का एक महत्वपूर्ण आधार है। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान बी.के. शीतल ने किया।
कार्यक्रम के दौरान राजयोग मेडिटेशन एवं विभिन्न अनुभवात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को मन को स्थिर रखने, आंतरिक शांति विकसित करने और अपनी भावनाओं को साक्षी भाव से समझने का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर महावीर पाटिल ने भी अपने अनुभव साझा किए।
यह विशेष लीडरशिप रिट्रीट वरिष्ठ प्रबंधकों के लिए व्यावसायिक दक्षता के साथ आत्म-जागरूकता, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रेरणादायी अवसर बना।
कार्यक्रम ने संदेश दिया कि सच्चा नेतृत्व केवल दूसरों को दिशा देने में नहीं, बल्कि स्वयं के विचारों, भावनाओं और प्रतिक्रियाओं को समझकर उन्हें सकारात्मक दिशा देने में भी निहित है।




























