ब्रह्माकुमारीज़ के 90वें स्थापना वर्ष एवं दीपावली के पावन अवसर पर थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आध्यात्मिक फिल्म ‘इटरनल विक्ट्री – अ होप फॉर ह्यूमैनिटी’ का विशेष प्रीमियर आयोजित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से आत्मिक जागृति, राजयोग मेडिटेशन और आध्यात्मिक परिवर्तन का संदेश अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचा।
फिल्म की निर्माता, लेखिका एवं निर्देशिका डॉ. अमरजीत कौर ने अपने 60वें जन्मदिन तथा आध्यात्मिक जीवन की 30 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में इस फिल्म को एक विशेष भेंट के रूप में प्रस्तुत किया।
यह फिल्म आत्मा की शाश्वत पहचान, राजयोग मेडिटेशन की शक्ति और आध्यात्मिक जागृति के माध्यम से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देती है। फिल्म के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आत्मिक पहचान और आध्यात्मिक शक्तियों की अनुभूति से व्यक्ति जीवन की परिस्थितियों में भी आंतरिक शांति और विजय का अनुभव कर सकता है।
लगभग 200 अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ प्रीमियर का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जापान एवं फिलीपींस में ब्रह्माकुमारीज़ की निदेशिका बीके रजनी दीदी जी, ऑस्ट्रिया के ब्रदर रेनर, प्रेम शिव शक्ति इनर स्पेस सेंटर की सिस्टर मिमी, बीके शांता, बीके सुजाता सहित विभिन्न देशों से आए वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी प्रतिनिधि एवं भारतीय-थाई बीके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसके आध्यात्मिक संदेश को अत्यंत प्रेरणादायी बताया। फिल्म ने मनोरंजक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से आध्यात्मिकता को सहज रूप में समझने और जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
इस विशेष प्रीमियर को थाई मीडिया में भी उल्लेखनीय स्थान मिला। बैंकॉक टाइम्स सहित विभिन्न समाचार माध्यमों ने आयोजन एवं फिल्म के आध्यात्मिक संदेश को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
इस प्रकार बैंकॉक में आयोजित यह विशेष प्रीमियर आध्यात्मिक जागृति, सिनेमा और वैश्विक आध्यात्मिक एकता का सुंदर संगम बना। फिल्म ने यह प्रेरणादायी संदेश दिया कि सच्ची विजय बाहरी परिस्थितियों पर नहीं, बल्कि स्वयं की आत्मिक पहचान, सकारात्मक चिंतन और आध्यात्मिक शक्तियों पर आधारित होती है।



















