अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर अफ्रीका के विभिन्न देशों में ब्रह्माकुमारीज़ के लगभग 50 सेवा केंद्रों एवं स्थानों पर एक साथ ‘कॉल ऑफ गॉड कम होम’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। ब्रह्माकुमारीज़ की 90 वर्षों की गौरवपूर्ण आध्यात्मिक यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित इस पहल ने पूरे महाद्वीप को सामूहिक स्मृति, ध्यान और शांति के एक सूत्र में पिरो दिया।
एक ही दिन, एक ही समय और एक ही विषय पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को कुछ पल ठहरकर अंतर्मुखी होने तथा शांति, प्रेम और शक्ति के स्रोत से पुनः जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों की आध्यात्मिक तैयारी अफ्रीका के 56 देशों के लिए प्रतिदिन सकाश देकर की गई।
आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अंग्रेजी, फ्रेंच और पुर्तगाली भाषाओं में डिजिटल अभियान चलाया गया। साथ ही, अफ्रीका के 300 से अधिक रेडियो स्टेशनों ने शांति का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज़ की 90 वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष इतिहास वीडियो भी साझा किया गया।
इस अवसर पर केन्या में नकोबी की गवर्नर सुजैन किहाका तथा रीयूनियन में सेंट डेनिस की उपमहापौर ब्रिजिट अडामा की उपस्थिति दर्ज की गई। दक्षिण अफ्रीका में राज्य सचिव, कैबिनेट अफेयर्स एवं सिविल सर्विस प्रमुख ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
बेनिन, बोत्सवाना, बुर्किना फासो, कैमरून, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, इथियोपिया, केन्या, लाइबेरिया, मेडागास्कर, मॉरीशस, नाइजीरिया, रवांडा, सेशेल्स, सिएरा लियोन, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, टोगो, युगांडा, जांबिया और जिंबाब्वे सहित अनेक देशों में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।
यह सामूहिक पहल 21 सितंबर 2026 से 21 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी और अंतरराष्ट्रीय ध्यान दिवस के अवसर पर इसका समापन होगा।
इस अवसर पर अफ्रीका के विभिन्न सेवा केंद्रों से जुड़े भाई-बहनों ने सामूहिक आयोजन के प्रति खुशी व्यक्त करते हुए इसे एकता, शांति और आध्यात्मिक जागृति का माध्यम बताया। लगभग 50 शहरों में एक साथ हुए इस आयोजन ने ब्रह्माकुमारीज़ की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया।




























