प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशा मुक्त युवा – विकसित भारत अभियान के राष्ट्रीय शुभारंभ के उपरांत ब्रह्माकुमारीज़ के ईस्टर्न ज़ोन मुख्यालय, भवानीपुर (कोलकाता) द्वारा ग्लोबल एनलाइटनमेंट रिट्रीट सेंटर में नशा मुक्त भारत अभियान – पश्चिम बंगाल चैप्टर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में 1,000 से अधिक भाई-बहनों, युवाओं, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जादवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. चिरंजीव भट्टाचार्य, सादगाछिया के विधायक अग्निश्वर नस्कर, भाजपा डायमंड हार्बर जिला अध्यक्ष सोमा घोष, भाजपा डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिला के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत सरदार तथा पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिरीक्षक वीरेंद्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजयोग शिक्षिका बीके सुप्रिया ने कहा कि
यह अभियान केवल नशे के विरुद्ध जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाकर सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का राष्ट्रीय जनआंदोलन है।
इस अवसर पर बीके शिवू ने अपने जीवन के प्रेरणादायी अनुभव साझा किए तथा बताया कि
राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। स्थानीय प्रभारी बीके मुन्नी दीदी ने सभी से स्वयं नशा मुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बीके मुनीश ने सभी उपस्थितजनों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया, जिससे प्रतिभागियों ने आंतरिक शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक सोच का अनुभव किया।
समापन अवसर पर सभी ने नशा मुक्त, स्वस्थ, संस्कारवान एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का सामूहिक संकल्प लिया।
























