
“जब मन को शांत कर प्रकृति माँ से जुड़ना हो, उसके हर तत्व का धन्यवाद करना हो और परमात्मा के प्यार को अनुभव करना हो।”
इस गाइडेड मेडिटेशन का अनुभव करने के बाद मन शांत, सरल और स्थिर महसूस करता है। खुला आकाश, सागर की गहराई, धरती की सहनशीलता, नदियाँ, झरने, वृक्ष, फूल और पंछी हमें प्रकृति माँ की शक्ति, उदारता और पालना का अनुभव कराते हैं।
यह मेडिटेशन प्रकृति के हर तत्व के प्रति दिल से शुक्रिया करने की भावना जगाता है। आत्मा स्वयं को मस्तक के बीचों-बीच चमकते हुए सितारे की तरह अनुभव करती है और अपनी शुभ भावनाओं का प्रकाश प्रकृति तक पहुँचाती है, जिससे परमात्मा के प्यार, सुरक्षा और जीवन देने वाली शक्ति का सुंदर अनुभव होता है।
How you want to feel
Themes
Life stages
ओम शांति। अपने मन को बिल्कुल शांत करते हुए, चलें एकांत में, प्रकृति के बीच। खुला नीला आसमान, हरे-भरे वृक्ष, उन पर चहचहाते हुए पंछी, ठंडी हवा, हरी घास। प्रकृति कितनी सरल है, कितनी शांत है, कितनी शक्तिशाली है। सागर की गहराई का कोई तोड़ नहीं। आकाश की ऊँचाई, उसकी विशालता, जो हम सबको अपनी छत्रछाया में समाए हुए है।
धरती की उदारता, शक्ति और सहनशीलता, जो हर एक को अपनी गोद में पनाह देती है। हम सबका बोझ उठाती है, हर बीज को पालती है, हर जीव को भोजन देती है और सबको संतुष्ट करती है। नदियाँ, झरने और वृक्ष हमें जीवन के लिए कितना कुछ देते हैं, बिना कहे, बिना पूछे, बिना माँगे।
इन फूलों में रंग किसी मनुष्य ने नहीं भरे, न ही कोई भर सकता है। यह सूरज की चमक, जो एक अकेला ही पूरे सौरमंडल के लिए काफी है। ये चहचहाते हुए पंछी, यह सब कुछ देखकर महसूस हो रहा है कि प्रकृति माँ से कितना कुछ सीखने का है।
चलिए, अपने मन को बिल्कुल शांत करते हुए, प्रकृति के सभी तत्वों से, जिनसे जीवन बन रहा है, उन सबका दिल से शुक्रिया करते हैं। अपने शुभ वाइब्रेशंस इस प्रकृति को प्रदान करते हैं, जो हमें पाल रही है। परमात्मा ने हम आत्माओं के संरक्षण और पालना के लिए इस प्रकृति को बनाया है।
अपने आप से संकल्प लें कि ऐसी प्रभु-देन की रक्षा मैं भी करूँ। मस्तक के बीचों-बीच अपने आप को चमकते हुए सितारे की तरह देखें, जिसकी शुभ भावनाओं का प्रकाश चारों तरफ प्रकृति के हर तत्व को मिल रहा है और उसका धन्यवाद कर रहा है।
इस प्रकृति का मुझसे जो नाता है, वह और भी गहरा होता जा रहा है। मानो सबके सब मेरी रक्षा के लिए, मुझे जीवन देने के लिए, हमेशा मेरे आसपास परमात्मा का प्यार मुझ तक पहुँचा रहे हैं। ओम शांति।
Same topic and language
Broader matches from the same life stage and language