ब्रह्माकुमारीज़ के मानसरोवर परिसर में संस्था के समाज सेवा प्रभाग द्वारा ‘आध्यात्मिक जागृति से विश्व परिवर्तन’ विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। ब्रह्माकुमारीज़ की 90वीं वर्षगांठ के विशेष अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजसेवी, बीके सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
सम्मेलन में आध्यात्मिक जागृति, राजयोग, आत्मिक सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और मानवीय मूल्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में नलवा विधानसभा क्षेत्र, हिसार के विधायक रणधीर पनिहार तथा उत्तराखंड के मंत्री प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों ने सहभागिता की। ब्रह्माकुमारीज़ के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
समाज सेवा प्रभाग की अध्यक्षा एवं संस्था की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके संतोष दीदी, उपाध्यक्ष बीके प्रेम भाई, प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक बीके अवतार भाई तथा मुख्यालय संयोजक बीके वीरेंद्र भाई सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सेवाधारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अतिथियों ने समाज में आध्यात्मिक मूल्यों और सेवा-भाव की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि
आज के समय में शांति, सुख, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज सेवा के माध्यम से परिवार और समाज के कल्याण में योगदान देने का संदेश भी दिया।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों ने राजयोग एवं आध्यात्मिक चिंतन के माध्यम से आत्मिक शांति और आंतरिक शक्ति का अनुभव किया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि व्यक्ति के विचारों, भावनाओं और दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन परिवार, समाज और व्यापक विश्व में स्थायी परिवर्तन की आधारशिला बन सकता है।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि मन की शांति और मानसिक एकाग्रता आध्यात्मिक जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। सम्मेलन के माध्यम से समाजसेवियों एवं प्रतिभागियों को आध्यात्मिक जागृति के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।





























