ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय मनमोहिनी वन, आबू रोड तथा शिवमणि होम में दीपावली का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, आध्यात्मिक उमंग एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। दोनों स्थानों पर दीपों की जगमगाहट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्नेहपूर्ण वातावरण ने दीपोत्सव को यादगार बना दिया।
मनमोहिनी वन में वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में दिव्य दीपोत्सव

ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय मनमोहिनी वन में आयोजित दीपावली समारोह में संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी, राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी, महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई, अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके डॉ. मृत्युंजय भाई एवं राजयोगी बीके डॉ. प्रताप मीठा भाई सहित रूस के मॉस्को से बीके सुधा दीदी, न्यूजीलैंड से बीके भावना दीदी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके लीला दीदी, बीके हंसा दीदी, बीके डॉ. सविता दीदी, बीके डॉ. बनारसी लाल भाई, बीके मोहन सिंघल भाई तथा आवास निवास प्रभारी बीके देव भाई सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस शुभ अवसर पर सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर खुशियों, सद्भावना एवं विश्व कल्याण के मंगल संकल्पों को प्रज्वलित किया। सभी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए जीवन में ज्ञान, प्रेम, पवित्रता और आध्यात्मिक प्रकाश को अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि
वर्तमान समय में बाबा की प्रत्यक्षता का लक्ष्य लेकर हर कार्यक्रम का आयोजन करना आवश्यक है। दीपावली केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि संगमयुग पर प्रतिदिन विजय और उमंग-उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने दादी प्रकाशमणि जी के उमंग, उत्साह और नवीनता से परिपूर्ण जीवन प्रसंगों को साझा करते हुए सभी को आध्यात्मिक सेवाओं में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
दीपों की जगमगाहट के बीच केक कटिंग सेलिब्रेशन का आयोजन हुआ। इसके पश्चात बीके भाई-बहनों ने गरबा नृत्य कर उत्सव की खुशियों को और भी बढ़ाया। कार्यक्रम में ब्रह्मभोजन की विशेष व्यवस्था रही, जिसमें कॉफी, आइसक्रीम और पिज्जा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों का सभी ने आनंद लिया। सभी ने बाबा की याद में ब्रह्मभोजन स्वीकार किया और आपसी स्नेह एवं आत्मीयता के साथ दीपावली मनाई।
शिवमणि होम में बुजुर्गों के चेहरों पर बिखरी दीपावली की खुशियां

वहीं, शिवमणि होम में भी दीपावली का पावन पर्व एवं वार्षिकोत्सव बड़े हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। प्रेम, सम्मान और अपनत्व के भावों से सजे इस आयोजन में बुजुर्गों के चेहरों पर खुशियों की चमक देखते ही बनी। दीपों की रोशनी और उत्सव की उमंग से पूरा परिसर आनंदमय हो उठा।
इस अवसर पर संस्था के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके डॉ. प्रताप मीठा भाई, रूस के मॉस्को में ब्रह्माकुमारीज़ की निदेशिका बीके सुधा दीदी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके डॉ. सविता दीदी, बीके डॉ. सतीश गुप्ता भाई सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को आनंद एवं उत्साह से भर दिया।

मनमोहिनी वन से लेकर शिवमणि होम तक दीपावली का यह उत्सव एक सुंदर आध्यात्मिक संदेश दे गया कि दीपावली का वास्तविक आनंद केवल दीप जलाने में नहीं, बल्कि अपने जीवन को ज्ञान और पवित्रता से प्रकाशित करने, प्रेम बांटने, रिश्तों को संवारने और हर हृदय में खुशियों का प्रकाश जगाने में है।
दीपावली के इस विशेष आयोजन में ब्रह्मभोजन की भी सुंदर व्यवस्था की गई। भाई-बहनों के लिए कॉफी, आइसक्रीम और पिज्जा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की व्यवस्था रही। सभी ने बाबा की याद में ब्रह्मभोजन स्वीकार किया और आपसी स्नेह एवं आत्मीयता के साथ इस पर्व का आनंद लिया।
मनमोहिनी वन का यह दिव्य दीपोत्सव सभी को यही संदेश दे गया कि सच्ची दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने में नहीं, बल्कि आत्मा के भीतर ज्ञान, शांति, प्रेम और पवित्रता का प्रकाश जगाने तथा पूरे विश्व में खुशियों की रोशनी फैलाने में है।















