अमेरिका के डलास और सांताफे में आयोजित तीन विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज़ ने प्रेम, करुणा, पवित्रता, आध्यात्मिक जागृति एवं अंतरधार्मिक सद्भाव का प्रेरणादायी संदेश प्रसारित किया।
डलास, टेक्सास: चर्च ऑफ जीसस क्राइस्ट ऑफ लेटर डे सेंट्स में कनेक्टिंग आवर फेथ्स कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर इंटररिलीजियस अंडरस्टैंडिंग के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर विभिन्न धर्मों की पांच प्रेरणादायी महिलाओं को अंतरधार्मिक सद्भाव एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए हीरोइन्स ऑफ फेथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तित्वों में ब्रह्माकुमारीज़ की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके रंजन भी शामिल रहीं। उनकी ओर से यह सम्मान बीके सुरक्षा एवं बीके ज्योति ने ग्रहण किया।
दीपावली उत्सव – तपस्या धाम रिट्रीट सेंटर: इसी क्रम में तपस्या धाम रिट्रीट सेंटर में जर्नी फ्रॉम डार्कनेस टू लाइट थीम पर दीपावली उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बच्चों एवं प्रतिभागियों ने गीत, कविता, नृत्य, प्रश्नोत्तरी तथा री-इग्नाइटिंग आवर लाइट्स विदिन विषय पर सुंदर नाटिका प्रस्तुत की। बीके रंजन ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व को स्पष्ट करते हुए आंतरिक ज्योति जागृत करने और जीवन में सकारात्मकता अपनाने की प्रेरणा दी।
सांताफे, न्यू मैक्सिको: यहां आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन गार्डियन्स ऑफ द सेक्रेड – द सेकंड इल्यूमिनेशन: अवेकनिंग द हार्ट ऑफ ह्यूमैनिटी 2026 में विश्वभर से लगभग 400 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। सम्मेलन में आध्यात्मिक मार्गदर्शक, वरिष्ठ नागरिक, ज्ञान परंपराओं के संरक्षक, प्रकृति संरक्षण से जुड़े व्यक्तित्व एवं चिंतक एकत्रित हुए। बीके रंजन ने ब्रह्माकुमारीज़ की आध्यात्मिक शिक्षाओं को साझा करते हुए प्रेम, करुणा, पवित्रता, ज्ञान, जिम्मेदारी एवं निस्वार्थ सेवा जैसे दिव्य गुणों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इन तीनों आयोजनों के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज़ ने विभिन्न धर्मों एवं संस्कृतियों के बीच आपसी समझ, एकता और सद्भाव को मजबूत करने के साथ-साथ आत्मिक जागृति द्वारा एक शांतिपूर्ण एवं प्रेमपूर्ण विश्व के निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया।





















