वर्तमान भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति, बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा लोधी रोड स्थित डीजीक्यूए (DGQA), भारतीय नौसेना में “व्यवस्थित दिनचर्या से व्यवस्थित जीवन” विषय पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक अभियंता एवं वास्तुकार प्रभाग के क्षेत्रीय समन्वयक बीके पीयूष भाई ने अधिकारियों एवं उनके परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि अनियमित दिनचर्या के कारण आज तनाव, अनिद्रा और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि रात को सोने से पहले का अंतिम विचार हमारी नींद की गुणवत्ता को प्रभावित करता है, जबकि सुबह का पहला सकारात्मक विचार पूरे दिन की दिशा निर्धारित करता है।
लोधी रोड सेवा केंद्र की संचालिका बीके गिरजा दीदी ने राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित राजयोग अभ्यास से आत्मिक शक्तियों को जागृत कर जीवन में सकारात्मकता, मानसिक शांति और संतुलन लाया जा सकता है।
कार्यशाला में प्रश्नोत्तर सत्र, राजयोग मेडिटेशन अभ्यास एवं सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को तनावमुक्त और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर कप्तान डॉ. ओम प्रकाश ने भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि सुव्यवस्थित दिनचर्या, सकारात्मक चिंतन और नियमित राजयोग अभ्यास के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को स्वस्थ, शांतिपूर्ण और खुशहाल बना सकता है।

























