नई चेतना से सशक्त भारत राष्ट्रव्यापी शिक्षा अभियान के अंतर्गत दिल्ली के मंडावली सेवा केंद्र द्वारा बाल भवन पब्लिक स्कूल, मयूर विहार फेज़-2 में 500 से अधिक विद्यार्थियों के लिए प्रभावशाली एवं ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ के शिक्षा प्रभाग एवं स्थानीय सेवा केंद्र के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल युग में विद्यार्थियों को संतुलित, स्वस्थ एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर बी.के. सपना ने डिजिटल डिटॉक्स विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्क्रीन, मोबाइल एवं कंप्यूटर के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा डिजिटल संसाधनों का संतुलित उपयोग करने का संदेश दिया।
वहीं, बी.के. मोनिका गुप्ता ने डिजिटल वेलनेस विषय पर विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन तथा समय के स्मार्ट एवं स्वस्थ उपयोग से जुड़े व्यवहारिक उपाय बताए। सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल साधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के साथ अपने जीवन में सकारात्मकता, संयम एवं आत्म-जागरूकता विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल भवन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य ने दोनों मुख्य वक्ताओं को पौधे एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंडावली सेवा केंद्र से बी.के. शिल्पा सहित अन्य ब्रह्माकुमारीज़ सदस्य भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों के साथ संतुलित संबंध विकसित करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।



























