जीवन एवं कार्यस्थल को सकारात्मकता, श्रेष्ठ संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा भारत सरकार की महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड (GAIL India Limited) के राष्ट्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में “सकारात्मकता – प्रगति की वाहक” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ के वैज्ञानिक, अभियंता एवं वास्तुकार प्रभाग के क्षेत्रीय समन्वयक बी.के. पीयूष भाई ने सकारात्मक चिंतन की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि
श्रेष्ठ एवं सकारात्मक विचारों से वातावरण में शक्तिशाली व श्रेष्ठ वाइब्रेशन्स का संचार होता है, जिससे जीवन में उन्नति एवं सफलता के नए मार्ग खुलते हैं।
वहीं, ब्रह्माकुमारीज़ लोधी रोड सेवा केंद्र, नई दिल्ली की संचालिका बी.के. गिरिजा दीदी ने सभी को
अपने जीवन को श्रेष्ठ संस्कारों एवं आध्यात्मिक मूल्यों से सजाकर मूल्यवान व्यक्तित्व बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हमें दूसरों की कमियों के बजाय उनके अंदर विद्यमान अच्छाइयों को देखना चाहिए। सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने से हमारे विचारों, व्यवहार और संबंधों में सुंदर परिवर्तन आता है।
कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र, राजयोग ध्यान अभ्यास एवं सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मकता को दैनिक जीवन तथा कार्यस्थल पर अपनाने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए गए।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सत्यता, सकारात्मक चिंतन और श्रेष्ठ मूल्यों को जीवन में निरंतर अपनाने से व्यक्ति का व्यक्तित्व निखरता है तथा कार्यक्षेत्र में भी सुखद, शांतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
यह कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए सकारात्मक सोच की शक्ति को पहचानने तथा राजयोग मेडिटेशन एवं आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन को अधिक सुखद, सफल एवं संतुलित बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुई।
























