21 अगस्त 2026: संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग द्वारा ऐतिहासिक रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ शांतिवन, आबू रोड में किया गया। भारत और नेपाल में लगभग 6,000 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 1 लाख यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान 21 से 25 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा।
इसी कड़ी में गुरुवार को ब्रह्माकुमारीज़ के विशाल डायमंड हॉल, शांतिवन में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 401 यूनिट रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन आबू रोड उपखंड अधिकारी श्री रामस्वरूप जौहर, ब्रह्माकुमारीज़ के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई, अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके मृत्युंजय भाई, ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक एवं संस्थान के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बीके डॉ. प्रताप मिड्ढा भाई, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री सागरमल अग्रवाल तथा समाज सेवा प्रभाग के उपाध्यक्ष बीके अवतार भाई सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए कहा कि
रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का महान माध्यम है। दुर्घटनाओं, ट्रॉमा, जटिल सर्जरी तथा विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के उपचार में रक्त की निरंतर आवश्यकता रहती है। ऐसे में समाज के अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
कार्यक्रम में रक्तदाताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि
यदि उनके रक्त से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सके, तो इससे बड़ा पुण्य और सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता। कई रक्तदाताओं ने नियमित रक्तदान के प्रति अपनी प्रेरणा भी साझा की। रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रक्त संग्रह का कार्य सिरोही ब्लड बैंक तथा ग्लोबल हॉस्पिटल ट्रॉमा ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से किया गया। अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 1,100 केंद्रों पर रक्तदान के लिए पंजीकरण हो चुका है और बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के सहभागी बनने की अपेक्षा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ राजयोग शिक्षक बीके प्रकाश, बीके मोहन सिंघल, बीके डॉ. सपना, बीके जगदीश, बीके वीरेंद्र, बीके डॉ. ईवी गिरीश, बीके अमरदीप सहित अनेक भाई-बहन एवं सेवाधारी उपस्थित रहे।
यह रक्तदान महाअभियान केवल रक्त संग्रह का प्रयास नहीं, बल्कि मानव सेवा, निस्वार्थ सहयोग और विश्व बंधुत्व की भावना को सशक्त बनाने का संकल्प है। ब्रह्माकुमारीज़ के इस सेवा अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रेरणा दी जा रही है कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा और नवजीवन का संचार कर सकते हैं।






























