अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ, अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस तथा ब्रह्माकुमारीज़ की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर डैलस स्थित ब्रह्माकुमारीज़ तपस्या धाम रिट्रीट सेंटर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी ने मधुबन ज्ञान सरोवर से ऑनलाइन जुड़कर सभी को शुभकामनाएं दीं। डैलस की ब्रह्माकुमारीज़ समन्वयक बीके रंजन ने बीके सुदेश दीदी के साथ प्रश्नोत्तर सत्र का संचालन किया। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य अतिथियों, वक्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसमें वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति, अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा वर्चुअल नृत्य प्रस्तुति तथा दीप प्रज्वलन शामिल रहा। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर ब्रह्माकुमारीज़ की 90वीं वर्षगांठ का भी उत्सव मनाया गया।
अपने संबोधन में बीके सुदेश दीदी ने
स्वतंत्रता के साथ-साथ आंतरिक शांति और करुणा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आत्मचिंतन के माध्यम से जीवन में स्पष्टता और साहस विकसित करने तथा भय, तनाव और चिंता से मुक्त होकर शांत एवं सकारात्मक मन बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आध्यात्मिक चिंतन और राजयोग के माध्यम से शांति एवं आंतरिक शक्ति का अनुभव किया। पूरे आयोजन में शांति, आत्मिक स्वतंत्रता, करुणा और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का संदेश प्रमुख रहा।



















