भागती-दौड़ती जिंदगी, बढ़ती जिम्मेदारियों और मानसिक दबाव के बीच मन को शांत और एकाग्र रखने की आवश्यकता को समझाने के उद्देश्य से नोएडा सेक्टर-115 स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र में वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए “A Peaceful Mind for a Powerful Life” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों से आए 500 से अधिक प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यस्त जीवनशैली के बीच मानसिक शांति, सकारात्मक सोच, आत्मिक जागरूकता और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से जीवन में संतुलन स्थापित करने की प्रेरणा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एडोब कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट नवीन गोयल, रेडॉन कंपनी के डायरेक्टर राजू गर्ग तथा भारतीय जनसंचार संस्थान के सहायक निदेशक अंकुर विजयवर्गीय सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि
आध्यात्मिक चिंतन और मेडिटेशन के अभ्यास से मन की नकारात्मकता धीरे-धीरे कम होती है तथा आत्मिक चेतना और आंतरिक शांति का अनुभव होने लगता है।
एक प्रतिभागी ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रम में आने से पहले उनके मन में कई प्रश्न थे, लेकिन यहां बिताए समय के दौरान उन्हें अपने अनेक प्रश्नों के उत्तर सहज रूप से प्राप्त हुए। उन्होंने कार्यक्रम के वातावरण को शांतिपूर्ण और सकारात्मक बताते हुए दोबारा आने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिस प्रकार तेज गति से चलने वाले वाहन के लिए प्रभावी ब्रेक आवश्यक होता है, उसी प्रकार तेज गति से चलने वाले मन को शांत और नियंत्रित रखने के लिए आध्यात्मिकता एवं राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास आवश्यक है।
“A Peaceful Mind for a Powerful Life” का संदेश देते हुए कार्यक्रम ने वर्किंग प्रोफेशनल्स को शांत मन, सकारात्मक सोच और आत्मिक शक्ति के माध्यम से जीवन में संतुलन एवं प्रभावशीलता लाने की प्रेरणा दी।




























