ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ORC) के रजत रश्मियां प्रोजेक्ट के अंतर्गत जी. डी. गोयनका स्कूल, गुरुग्राम में कक्षा 3 एवं उससे ऊपर के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल वेलनेस कोर्स का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल उपकरणों के प्रति जागरूक, संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग की समझ विकसित करना तथा स्वस्थ डिजिटल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का संचालन बीके विधात्री (ORC) एवं बीके निकिता (दिल्ली) द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के विवेकपूर्ण उपयोग, आत्म-अनुशासन, एकाग्रता तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर बताया गया कि शीघ्र ही यह डिजिटल वेलनेस कोर्स विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों के लिए भी प्रारंभ किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की सहभागिता के माध्यम से पूरे विद्यालय में जागरूक, संतुलित एवं अनुशासित डिजिटल उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
यह पहल डिजिटल युग में मानसिक संतुलन, मूल्य-आधारित जीवनशैली और सकारात्मक तकनीकी उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






















