ब्रह्माकुमारीज़ के तपोवन परिसर में कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग, कनेक्टिंग ड्रीम्स फाउंडेशन, अशोका इनोवेटर्स फॉर द पब्लिक तथा ग्राम स्वराज्य कलेक्टिव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय ‘Changemakers for Gram Swaraj’ बूट कैंप का सफल समापन हुआ।
इस प्रशिक्षण शिविर में देश के छह राज्यों से आए 56 युवाओं ने भाग लिया। बूट कैंप का उद्देश्य युवाओं को अपने गांवों की समस्याओं की पहचान कर स्थानीय संसाधनों, पंचायतों तथा सरकारी योजनाओं के सहयोग से स्थायी एवं प्रभावी समाधान विकसित करने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारीज़ कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग की अध्यक्षा बीके सरला दीदी, उपाध्यक्ष बीके राजू भाई, भीनमाल सेवा केंद्र की प्रभारी बीके गीता बहन सहित अनेक वक्ताओं के प्रेरणादायी उद्बोधनों से हुआ।
इस अवसर पर कनेक्टिंग ड्रीम्स फाउंडेशन के संस्थापक अमित टूटेजा, आईआरए बैतूल की संस्था प्रमुख उपमा दीवान, ग्राम जाहू के सरपंच श्याम प्रताप राठौड़, बीके बद्री विशाल भाई, बीके करण भाई, बीके जीतू भाई, बीके अस्मिता बहन, बीके विजय भाई तथा कनेक्टिंग ड्रीम्स फाउंडेशन के अरविंद मुखर्जी सहित अनेक विशेषज्ञों ने ग्रामीण नेतृत्व, सामाजिक नवाचार और ग्राम स्वराज्य के विषय पर अपने विचार साझा किए।
समापन सत्र में प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों के लिए तैयार की गई कार्ययोजनाओं की प्रस्तुति दी तथा अगले 45 दिनों के भीतर उन्हें धरातल पर लागू करने का संकल्प लिया। सभी ने आध्यात्मिक मूल्यों, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक नेतृत्व के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सशक्त गांवों के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया।























