मूल्यों द्वारा अपने जीवन का स्तर कैसे ऊँचा उठाएँ

मूल्यों द्वारा अपने जीवन का स्तर कैसे ऊँचा उठाएँ
Watch VideoClick to play

आज की तेज़ रफ्तार दुनिया में शिक्षा का ध्यान अधिकतर करियर और व्यावसायिक कौशलों पर केंद्रित हो गया है। एक सफल करियर बनाने के लिए व्यावसायिक ज्ञान आवश्यक है, लेकिन शिक्षा का एक और बहुत महत्वपूर्ण पहलू अक्सर छूट जाता है। वह है एक संतुष्ट, संतुलित और अर्थपूर्ण जीवन जीना सीखना।

यह असंतुलन हमें प्राचीन गुरुकुल प्रणाली की याद दिलाता है, जहाँ संपूर्ण शिक्षा पर ज़ोर दिया जाता था। विद्यार्थियों को केवल आजीविका कमाने और अपने व्यावसायिक दायित्वों को पूरा करने के लिए ही तैयार नहीं किया जाता था, बल्कि उनमें मूल्य, करुणा, आध्यात्मिकता और अच्छी तरह जीवन जीने की समझ भी विकसित की जाती थी।

इसलिए सच्ची शिक्षा केवल धन कमाना सीखना नहीं है, बल्कि जीवन जीना सीखना भी है।

गुरुकुल प्रणाली: संपूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का एक सुंदर तरीका

gurukul system.png

परंपरागत गुरुकुल प्रणाली संपूर्ण शिक्षा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। विद्यार्थियों को प्रशासनिक और योजनाएँ बनाने जैसे आवश्यक कौशल सिखाए जाते थे, लेकिन उनकी शिक्षा केवल व्यावसायिक ज्ञान तक सीमित नहीं थी। उसमें मूल्य, आध्यात्मिकता, करुणा और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित की जाती थी। इस दृष्टिकोण से ऐसे व्यक्ति तैयार होते थे, जो न केवल प्रभावशाली ढंग से नेतृत्व कर सकते थे, बल्कि अपने आसपास के लोगों को समझ भी सकते थे और उनके प्रति संवेदनशील रह सकते थे। इसलिए सफलता केवल व्यावसायिक योग्यता तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसमें चरित्र और समाज के प्रति योगदान भी शामिल था।

आधुनिक शिक्षा : बदलता हुआ दृष्टिकोण

इसके विपरीत, आधुनिक शिक्षा मुख्य रूप से विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, चिकित्सा और व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए तैयार करती है। व्यावसायिक कुशलता आवश्यक है, लेकिन व्यक्तिगत सफलता पर अधिक ज़ोर होने के कारण कभी-कभी जीवन के मूल्य और जीवन जीने की कलाएँ पीछे छूट जाती हैं।

धीरे-धीरे हमारा ध्यान “हम” से “मैं” की ओर जाने लगता है। अर्थात समाज और सबके कल्याण की भावना के बजाय व्यक्तिगत उपलब्धियों को अधिक महत्व दिया जाने लगता है।
lacking values.png

इसके परिणामस्वरूप, व्यक्ति अपने कार्यक्षेत्र में बहुत कुशल तो बन सकता है, लेकिन उसमें करुणा, सहानुभूति, ईमानदारी और भावनात्मक संतुलन जैसे गुणों की कमी रह सकती है। व्यावसायिक ज्ञान हमें बताता है कि हम क्या कर सकते हैं, जबकि हमारे मूल्य यह तय करते हैं कि हम उस क्षमता का उपयोग किस प्रकार करते हैं।

मूल्यों पर आधारित शिक्षा का महत्व

विभिन्न व्यवसायों में मूल्य आधारित शिक्षा की आवश्यकता विशेष रूप से स्पष्ट दिखाई देती है।

Compassionate Doctor Comforting Elderly Patient.png

चिकित्सा क्षेत्र को ही लें। एक डॉक्टर के पास बहुत अच्छा चिकित्सकीय ज्ञान और तकनीकी कुशलता हो सकती है, लेकिन किसी को स्वस्थ करना केवल इलाज करने तक सीमित नहीं है। रोगी की देखभाल में करुणा और सहानुभूति भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। इसी प्रकार, हर व्यवसाय में तकनीकी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों की भी आवश्यकता होती है। ऐसी शिक्षा, जिसमें व्यावसायिक कुशलता के साथ ईमानदारी, करुणा, जिम्मेदारी और सम्मान जैसे मूल्य शामिल हों, व्यक्तियों को ऐसे सफल पेशेवर बनने में मदद कर सकती है, जो समाज के लिए भी सकारात्मक योगदान दें।

व्यावसायिक जीवन में मूल्यों की भूमिका

व्यावसायिक व्यवहार को सही दिशा देने में मूल्यों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

एक ही क्षेत्र में काम करने वाले दो व्यक्ति अपने मूल्यों के आधार पर अपने कार्य को बहुत अलग-अलग तरीके से कर सकते हैं। उनके निर्णय, प्राथमिकताएँ, संबंध और चुनौतियों का सामना करने का तरीका उन सिद्धांतों से प्रभावित होता है, जिन्हें वे अपने जीवन में अपनाते हैं। उदाहरण के लिए, एक व्यक्ति केवल अपने व्यक्तिगत लाभ को प्राथमिकता दे सकता है, जबकि दूसरा व्यक्ति अपने लाभ के साथ-साथ ईमानदारी, निष्पक्षता और दूसरों के कल्याण को भी महत्व दे सकता है।

इससे यह स्पष्ट होता है कि एक मजबूत मूल्य प्रणाली विकसित करना कितना आवश्यक है। व्यावसायिक ज्ञान हमें अपने दायित्व निभाने की क्षमता देता है, लेकिन मूल्यों के द्वारा हम सीखते हैं कि उस क्षमता का सही उपयोग कैसे करना है।https://www.brahmakumaris.com/wisdom/soul-sustenance/eng/creating-a-perfect-personality-to-experience-success-part-3

शिक्षा केवल आजीविका के लिए नहीं, बल्कि जीवन जीने के लिए

आजीविका कमाने पर ध्यान देने से आर्थिक और व्यावसायिक प्रगति में बहुत योगदान मिला है। लेकिन जब शिक्षा का मुख्य उद्देश्य केवल बाहरी सफलता बन जाता है, तो रिश्ते, भावनात्मक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और जीवन की संतुष्टि पीछे छूट सकती है।

एक व्यक्ति का करियर बहुत अच्छा हो सकता है और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है, फिर भी उसके अंदर खालीपन महसूस हो सकता है।

इसीलिए शिक्षा हमें केवल कमाना ही नहीं, बल्कि जीवन जीना भी सिखाए। व्यावसायिक ज्ञान के साथ जीवन जीने की कलाएँ, मूल्य और भावनाओं को समझने की क्षमता सीखने से बाहरी उपलब्धियों और आंतरिक सुख के बीच बेहतर संतुलन बन सकता है। इसलिए जीवन का ऊँचा स्तर केवल आय, सुख-सुविधाओं या व्यावसायिक पद से तय नहीं होता। यह हमारे विचारों, संबंधों, चुनावों और चरित्र की गुणवत्ता में भी दिखाई देता है।

शिक्षा में मूल्यों को फिर से स्थान देना

मूल्य आधारित शिक्षा की शुरुआत छोटी उम्र से ही घर और स्कूल दोनों जगह होनी चाहिए। बच्चों को करुणा, ईमानदारी, सम्मान, जिम्मेदारी और सहानुभूति का महत्व समझने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। इसके साथ ही, बच्चों को स्वस्थ उपलब्धियों और अत्यधिक प्रतिस्पर्धा के बीच का अंतर समझाना भी आवश्यक है।

Values Circle_ Learning with Kindness.webp

जीवन का उच्च स्तर भीतर से शुरू होता है

आज ऐसी शिक्षा प्रणाली की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है, जिसमें व्यावसायिक कौशलों के साथ जीवन जीने की कलाओं को भी महत्व दिया जाए। गुरुकुल प्रणाली से प्रेरणा लेकर और मूल्य आधारित शिक्षा को प्राथमिकता देकर हम एक ऐसे समाज का निर्माण कर सकते हैं, जिसमें व्यक्ति का सर्वांगीण विकास हो। ऐसे व्यक्ति न केवल अपने करियर में आगे बढ़ेंगे, बल्कि अपने समाज और समुदाय के लिए भी सकारात्मक योगदान देंगे। इस प्रकार वे ऐसा जीवन जी सकेंगे, जो हर दृष्टि से वास्तव में समृद्ध हो।

चिंतन :

  • हम आधुनिक शिक्षा प्रणाली में मूल्य आधारित शिक्षा को किस प्रकार शामिल कर सकते हैं?
  • पेशेवर व्यक्ति अपने करियर की महत्वाकांक्षाओं और नैतिक मूल्यों के बीच किस प्रकार संतुलन बना सकते हैं?

मुख्य सीख

आइए, हम अपने दैनिक कार्यों में मूल्यों को अपनाने का अभ्यास करें, ताकि हमारी सफलता केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहे, बल्कि समाज में सुख, शांति और सद्भावना बढ़ाने में भी सहायक बने।

रोज़ सुबह ज्ञान

1
चैनल को Follow करें
2
ऊपर दिख रहे बेल आइकन पर टैप करें

जेंटल रिमाइंडर: Follow करने के बाद बेल 🔔 पर टैप करना न भूलें — ताकि हर सुबह का संदेश आप तक पहुँचता रहे।

निजी चैनल — आपकी पहचान कोई नहीं देख सकता