ज्ञान का मंथन: दिन को श्रेष्ठ बनाने की कला (भाग 1)

दिन की शुरुआत यदि सकारात्मकता के साथ हो, तो पूरा दिन हल्का, शांत और उद्देश्यपूर्ण बन जाता है। इसे एक माली के उदाहरण से समझ सकते हैं। एक माली अपने पौधों की बहुत प्रेम से देखभाल करता था। हर सुबह वह उन्हें पानी देता, सही धूप और उचित पोषण का ध्यान रखता। उसके पौधे हमेशा ताज़ा और सुंदर रहते। जब लोग उससे इसका रहस्य पूछते, तो वह सरलता से कहता — सुबह की सही देखभाल ही पूरे दिन की सुंदर वृद्धि का आधार है।
इसी प्रकार हमारा मन भी एक बगीचे जैसा है। हम दिनभर विचार करते हैं, बोलते हैं और कर्म करते हैं। स्वाभाविक रूप से हम चाहते हैं कि हमारे विचार, शब्द और कर्म श्रेष्ठ हों। लेकिन अलग-अलग स्वभाव और परिस्थितियों के बीच यह हमेशा आसान नहीं होता। कई बार बाहरी प्रभाव हमें उस गुणवत्ता से दूर ले जाते हैं, जिसकी हम अपेक्षा करते हैं। ऐसी स्थिति में हमें यह याद रखना चाहिए कि
श्रेष्ठ दिन की नींव सुबह रखी जाती है। सुबह का समय मन को सही दिशा देने का अवसर है।
यदि हम दिन की शुरुआत कुछ सकारात्मक और प्रेरणादायक ज्ञान पढ़कर या मंथन करके करें, तो हमारे विचार स्थिर और स्पष्ट रहते हैं। यही स्पष्टता हमारे बोल और कर्म में सहज रूप से दिखाई देती है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था में, हम दिन की शुरूआत, आध्यात्मिक ज्ञान और विवेक को आत्मसात करने से करते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि, हमने पूरे दिन अपने थॉट्स, बोल और कार्यों को सुंदर बनाए रखने के महत्व को महसूस किया है। जैसे पौधों को सुबह की धूप और जल आवश्यक है, वैसे ही मन को भी सकारात्मक ज्ञान और शांत चिंतन की आवश्यकता होती है। जब हम सुबह अपने मन के बगीचे की देखभाल करते हैं — विचारों, भावनाओं और संस्कारों को सही ऊर्जा देते हैं — तो पूरा दिन संतुलित, सुंदर और शक्तिशाली बन जाता है।
(कल भी जारी रहेगा…)
आज का अभ्यास
जैसे माली सुबह पौधों की देखभाल करता है, वैसे ही मन को ज्ञान और मंथन से सींचें। सही शुरुआत से विचारों में स्पष्टता और दिनभर श्रेष्ठ कर्मों की शक्ति आती है।
किसे भेजें यह संदेश?किसी को आज इसकी जरूरत है
रोज़ ज्ञान पाएंWhatsApp पर



