Brahma Kumaris

नए वर्ष में दिव्यता की ओर एक कदम बढ़ाएँ

नए वर्ष में दिव्यता की ओर एक कदम बढ़ाएँ
Journey

हर सुबह हम ये तय करते हैं कि आज हम कैसे रहेंगे और क्या करेंगे? लेकिन, आज ज़रूरत है यह सोचने की, कि इस पूरे साल हम कैसे रहना चाहते हैं और क्या करना चाहते हैं? याद रखें, हमारे सोचने-रहने और करने के तरीके का असर सिर्फ हमारे जीवन या हमारे आसपास के लोगों पर ही नहीं पड़ता, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ता है। क्योंकि दुनिया की कांशियसनेस यानि चेतना, हम सबकी सामूहिक चेतना से बनती है। जैसे किसी कमरे का माहौल वहाँ मौजूद सभी लोगों की ऊर्जा से बनता है। हर व्यक्ति इस संसार की एनर्जी बनाने में अपना योगदान देता है और उसी एनर्जी से प्रभावित भी होता है। हर बार जब हम कोई विचार सोचते हैं, कोई शब्द बोलते हैं या कोई कर्म करते हैं, तो हम वैश्विक चेतना में कुछ जोड़ते जाते हैं।

हम सभी शांति, सद्भाव, स्वास्थ्य और प्रकृति के संतुलन से भरपूर दुनिया चाहते हैं। ये सभी ऊंचे वाइब्रेशनल एनर्जी हैं। और ऐसी दुनिया बनाने के लिए हमें स्वयं अपने जीवन में सही आचरण, स्थिरता, स्वीकार्यता, सहयोग और संतोष की ऊर्जा लानी होगी।

हमें अपने सोचने के तरीके में बदलाव करना होगा, तभी दुनिया में बदलाव आएगा।

आज जो भी समस्याएँ और चुनौतियाँ सामने हैं, वे हमारी आंतरिक ऊर्जा का ही प्रतिबिंब हैं। कमज़ोर सोच के स्तर पर रहकर हम समस्याएँ हल नहीं कर सकते। अब समय है बदलाव का — न समस्याओं के अपने-आप हल होने का इंतज़ार करने का, न दूसरों के बदलने का इंतज़ार करने का, न बदलाव से आने वाली चुनौतियों से डरने का। हमें बस बदलना है। हमें ऊँची सोच रखने का, ऊँची ऊर्जा के वाइब्रेशन बनाने का और वैसे ही जीवन की ओर बढ़ना है, जैसा हम दुनिया को देखना चाहते हैं। अगर हम इस दुनिया से शिकायत ही करते रहेंगे, तो समस्याएँ और बढ़ेंगी।

आइए शिकायत छोड़कर, ज़िम्मेदारी लें और अपने जीवन जीने के तरीके को बदलें।

नए साल की शुभकामनाएँ सिर्फ “हैप्पी न्यू ईयर” तक सीमित न रखें, बल्कि “एक नई दिव्य दुनिया” बनाने का संकल्प लें। दिव्यता हमारा मूल स्वरूप है—अब उसी में जीना शुरू करें। दिव्यता को अपने जीवन में उतारें—विचार, बोल और कर्म में—और इस दुनिया को दिव्य बनाएं।

आज का अभ्यास

नई चेतना का संकल्प लेकर सिर्फ हैप्पी न्यू ईयर न कहें, बल्कि सोच, कर्म और वाणी में दिव्यता लाकर एक नई दुनिया बनाएं।

किसे भेजें यह संदेश?किसी को आज इसकी जरूरत है

शेयर

रोज़ ज्ञान पाएंWhatsApp पर