
एक समय की बात है, मैं प्रकाशमय आत्मा अपने घर, आत्माओं की दुनिया में थी। विद्यमान परमेश्वर परमपिता के संग शांति का था वो जहान। अनंत शांति के बीच रहते-रहते, फिर एक क्षण मेरे भीतर एक हलचल-सी होती है और अपनी भूमिका अदा करने को चल देती हूँ सुंदर धरा पर, चेतन ज्योति बनकर।
नई-नई वसुंधरा, संपन्न, सुंदर, सब हरा-भरा। मैं भी हूँ बिल्कुल नवीन और शक्तिमान। मैं प्रकाश पुंज हूँ, यह था मेरा बोध और ज्ञान। और समय गुजरता जाता है। देह के भीतर रहते-रहते एक परिवर्तन आता है। अब मैं पहले जैसी नहीं, शक्तिमान फिर भी हूँ, संपूर्णता के निकट और समान।
इस धरा पर कुछ ही समय बीता है। मुझे अब भी अपने सत्य स्वरूप का ज्ञान है कि मैं सत्य हूँ, मैं नूर हूँ। शरीर के माध्यम से मैं चेतन आत्मा स्वयं में निहित शक्ति का आनंद लेती हूँ। मैं आत्मा शांति, सुख और स्वास्थ्य से भरपूर हूँ।
फिर से परिवर्तन आता है। मैं स्वयं को भूल जाती हूँ। खो जाता है स्वयं का ज्ञान और निर्मित होती हैं एक-एक करके असत्य पहचान। मैं अपना झूठा स्वमान खड़ा करती हूँ संपत्ति, प्रतिभा, धन, सौंदर्य और बल से। मेरी पहचान जुड़ जाती है झूठ के तल से। बस इनसे बन जाती है मेरी कहानी। मैं आत्मा बन जाती हूँ देह-अभिमानी।
इस परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रभाव यह होता है कि मुझे दुःख का अनुभव होने लगता है। तुलना और प्रतिस्पर्धा में जीवन खोने लगता है। परमशक्ति, संपूर्ण शक्ति की जगह मेरी शक्ति आधी रह जाती है। मेरी असत्य पहचान ही मुझको अब सुहाती है।
जिस सुंदर संसार में मैं एक समय थी, वहाँ विभाजन होने लगा और जन्मीं भाषाएँ। बहुत सारी नई विचारधाराएँ और नए मत अब उभरकर आते हैं, जिससे सब दुःख-दर्द और मतभेदों में थोड़ा आराम पाते हैं। फिर भी इस संसार में दुखों का विस्तार होता जाता है।
इस समय में आकर मुझे अपनी पूर्णता भूलती जाती है। अपनी सत्य पहचान और सत्य आत्म-स्वमान का स्थान देह-अभिमान ले लेता है। सत्य स्वरूप खो गया। जो शांति, पवित्रता, शक्ति, विवेक, प्रेम, खुशी और आनंद से बना था, अब मुझमें काम, क्रोध, लोभ, अहंकार, अलबेलापन और आलस्य बड़ा और घना होता जाता है।
कठिन घड़ी, दुःख, अशांति और बढ़ जाती है। मेरा अस्तित्व परिवर्तित होकर पूरी तरह दैहिक हो जाता है। मैं अपनी शक्ति से हो जाती हूँ संपूर्ण खाली। सत्य छिप गया और असत्य पहचान ने जगह बना ली। मेरे चारों तरफ सब भ्रष्ट, प्रदूषित और पतित हो जाते हैं।
इस अराजकता और अनैतिकता के समय पर परमेश्वर परमपिता परमात्मा पास हमारे आते हैं। वे आकर हमें स्वयं का पुनः परिचय देते हैं, सुनाते हैं कहानी हमारी और हमें बताते हैं कि तुम्हारा अनादि स्वरूप क्या है? क्या है पहचान तुम्हारी?
आकर हमें ये रहस्य बताते हैं। कर्म, संबंध, भाग्य, दुर्भाग्य, जय-पराजय, जिनसे जीवन ओत-प्रोत है, वे हमें राजयोग सिखाते हैं। जो परम सत्ता परमात्मा से जोड़ता है, जो शक्ति का सर्वोच्च स्रोत है।
हम स्वयं के सत्य स्वरूप को जानते हैं, फिर पहचानते हैं कि मैं सूक्ष्म चेतन आत्मा, परमपिता परमात्मा जैसी संपूर्ण प्रकाशवान हूँ।
मैं फिर सत्य स्वमान में अपने सत्य गुणों को जगाती हूँ। उन्हें संपूर्ण शक्तिवान होकर अपने आत्माओं के धाम लौट जाती हूँ।
धरती पर तब तक फिर नवनिर्माण होता है, जब तक मैं अपने सत्य धाम में विश्राम करती हूँ। और अपनी भूमिका अदा करने पुनः धरती पर उतरती हूँ।
एक बार फिर...।
इस मेडिटेशन के माध्यम से हम अपनी अनादि पहचान को समझते हैं और अनुभव करते हैं कि हम केवल शरीर नहीं, बल्कि शांति, सुख, पवित्रता, शक्ति, प्रेम और आनंद से भरपूर चेतन आत्मा हैं। यह हमें देह-अभिमान से ऊपर उठकर अपने सत्य आत्मिक स्वमान को पहचानने की प्रेरणा देता है।
राजयोग के माध्यम से परमपिता परमात्मा से जुड़कर हम अपनी आत्मिक शक्तियों और सत्य गुणों को जागृत करते हैं। यह अनुभव हमें अपनी वास्तविक पहचान पुनः प्राप्त करने और अपने मूल आत्मिक स्वरूप में लौटने की प्रेरणा देता है।
How you want to feel
Themes
Life stages
Plays automatically when this one ends
Same theme and language
Broader matches from the same life stage and language