2 अगस्त 2026, रविवार को भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के सहयोग से आयोजित 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का ऑनलाइन शुभारम्भ करेंगे। प्रातः 10:30 बजे प्रधानमंत्री जी "नशामुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान" के अंतर्गत देशभर में आयोजित 10,000 से अधिक कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित करेंगे तथा अभियान के लिए अपना प्रेरणादायी संदेश एवं शुभकामनाएँ प्रदान करेंगे। इस अवसर पर वे कुछ चयनित ब्रह्माकुमारीज़ रिट्रीट सेंटर्स के साथ संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय शांतिवन, माउंट आबू सहित देशभर के प्रमुख रिट्रीट सेंटर्स, सेवाकेंद्रों, उपसेवाकेंद्रों एवं गीता पाठशालाओं में किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, समाजसेवियों एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में सभी को नशामुक्त जीवन की प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी।
ब्रह्माकुमारीज़ के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बी.के. डॉ. मृत्युंजय भाई ने बताया कि
अभियान के शुभारम्भ अवसर पर शांतिवन, अहमदाबाद, नागपुर, रायपुर, मदुरई, पानीपत, कोलकाता, अगरतला, हैदराबाद, गुवाहाटी तथा गोवा सहित देश के प्रमुख स्थानों पर मेगा कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्रीगण एवं हजारों नागरिक सहभागी बनेंगे।
मेडिकल विंग के सचिव बी.के. डॉ. बनारसी लाल भाई के अनुसार,
पिछले तीन वर्षों में ब्रह्माकुमारीज़ ने भारत सरकार के सहयोग से 30,775 से अधिक कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 3.16 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया है। इसी प्रेरणा से संस्था ने इस वर्ष 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का संकल्प लिया है। यह महाअभियान पूज्य दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति को समर्पित है।
अभियान के अंतर्गत 6 से 20 अगस्त 2026 तक देशभर में स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, सरकारी एवं निजी संस्थानों, उद्योगों, सामाजिक संगठनों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों तथा गाँव-गाँव में विशेष नशामुक्ति प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यक्रम की लाइव मॉनिटरिंग के लिए विशेष क्यूआर कोड आधारित प्रणाली विकसित की गई है, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों एवं प्रतिज्ञाओं का संपूर्ण विवरण संकलित कर भारत सरकार को उपलब्ध कराया जाएगा।
यह महाअभियान नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारवान भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन सिद्ध होगा।

























