असम के तिनसुकिया में नशा मुक्ति के लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा किए जा रहे प्रयासों को उस समय विशेष प्रोत्साहन मिला, जब असम के माननीय राज्यपाल श्री लक्ष्मण आचार्य ने नशा मुक्त भारत अभियान में संस्था के योगदान की सराहना की।
असम सरकार द्वारा आयोजित विशाल नशा मुक्ति कार्यक्रम में राज्यपाल श्री लक्ष्मण आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री रामेश्वर तेली, तिनसुकिया के विधायक, जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नशा मुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित करने के क्रम में ब्रह्माकुमारीज़ तिनसुकिया को नशा मुक्त भारत अभियान में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। माननीय राज्यपाल श्री लक्ष्मण आचार्य ने तिनसुकिया सेवा केंद्र की संचालिका बी.के. रजनी दीदी को स्वयं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और ब्रह्माकुमारीज़ के सेवा कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल महोदय ने ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र आने का वायदा किया था। अपने वायदे को निभाते हुए वे कार्यक्रम के तुरंत बाद सेवा केंद्र पहुंचे। उनके साथ जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, विधायक, ओ.सी. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी सेवा केंद्र पहुंचे।
सेवा केंद्र पर सभी अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्यों से आत्मीय भेंट की और प्रसाद ग्रहण किया। राज्यपाल महोदय ने सेवा केंद्र के मेडिटेशन रूम में कुछ क्षण ध्यान किया तथा संस्था की सेवाओं के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा नशा मुक्ति के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों में जन-जागरूकता, सकारात्मक जीवनशैली और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से युवाओं एवं समाज को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देना प्रमुख है।
नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के संकल्प के साथ ब्रह्माकुमारीज़ की यह सेवा यात्रा सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।

























