10th dec 2024 soul sustenence hindi

December 10, 2024

उन लोगों के प्रति भी आभारी रहें जो हमारे साथ सही नहीं हैं

कुछ लोगों का व्यवहार हमारे लिए असहनीय  या अच्छा नहीं होता है। हमें लगता है कि वे हमारे जीवन में आए और अपने बोल और व्यवहार से नकारात्मकता फैला दी। लेकिन हम यह नहीं समझ पाते कि ऐसे लोग हमारी क्षमता को निखारते हैं, हमें मजबूत बनाते हैं और आगे बढ़ने में मदद करते हैं। इसलिए उन लोगों के प्रति हमेशा आभार व्यक्त करें जिन्होंने हमारे साथ सही व्यवहार नहीं किया। क्या आप मानते हैं कि अच्छे लोग हमें अच्छा समय देते हैं, लेकिन गलत लोग हमें अच्छी सीख देते हैं? आप किसी ऐसे व्यक्ति को पसंद नहीं करते जिसने आपके साथ गलत किया हो, लेकिन क्या आपने महसूस किया है कि उनके साथ के अनुभवों से आप कितने मजबूत बनकर निकले? चाहे कोई हमारे साथ बहुत रूड हो, हमें धोखा दे, सफलता में बाधा डाले, झूठ बोले या नुकसान पहुंचाए, असल में, वे हमारे भाग्य को बदलने में सहायक बनते हैं। वे हमें इतना मजबूत बना देते हैं कि हम किसी भी स्थिति को स्वतंत्र रूप से अकेले संभाल सकें और शक्तिशाली बने रहें। जब लोग हमारे साथ सही नहीं होते, तो हम नई सोच, नए तरीके अपनाते हैं और उनके व्यवहार पर निर्भर रहना छोड़ देते हैं। साथ ही, हम अपना अहंकार कम करते हैं, अपनी अच्छाईयों को बढ़ाते हैं और अपने कर्मों को शुद्ध रखते हैं। अर्थात हम खुद को संवारने और तराशने में व्यस्त हो जाते हैं। इसके लिए रोज स्वयं को याद दिलाएं – मैं एक समझदार आत्मा हूं। मैं जीवन में हर एक का आभारी हूं, चाहे उन्होंने मेरे साथ कैसा भी व्यवहार किया हो या करते हैं। मैं उनके साथ सदा अच्छा व्यवहार करता हूं। मैं उन लोगों को धन्यवाद देता हूं जो मेरे लिए सही नहीं थे, क्योंकि उन्होंने मुझे शक्तिशाली और विनम्र बनने की ताकत दी।

 

अपने आप को नियमित रूप से याद दिलाएं कि आप एक शक्तिशाली आत्मा हैं। उन सभी को धन्यवाद, जिन्होंने आपकी जीवन यात्रा में भूमिका निभाई। कभी-कभी लोग आपके प्रति सही नहीं होते, वे आपसे झूठ बोलते हैं, विश्वासघात करते हैं, आपकी उपेक्षा करते हैं या आपसे दुर्व्यवहार करते हैं। याद रखें; यह उनका तरीका, उनकी पसंद है। आप अपना ख्याल रखें, अपनी कीमत पहचानें और स्वाभिमान में रहें। जिन लोगों ने आपके साथ सही नहीं किया उन लोगों को धन्यवाद दें, क्योंकि उन्होंने आपको आज की स्थिति में लाने की मजबूती दी। उनका व्यवहार आपको सहनशीलता, शांति, आत्म-सम्मान और स्थिरता बढ़ाने का अवसर देता है। उनके प्रति करुणा और क्षमा विकसित करें। समझें कि वे गलत नहीं हैं, बल्कि वे खुद तकलीफ में हैं और इसी वजह से ऐसा कर रहे हैं। वे हमारे पिछले कर्मों के हिसाब-किताब के कारण, अपने हिस्से का रोल निभा रहे हैं। भले ही आप कुछ समय के लिए असहज महसूस करें, लेकिन यह समझें कि वे आपको वह सबक और ज्ञान देने आए हैं जो आपको सीखना था। आपकी कृतज्ञता उन्हें प्रभावित करती है, उन्हें ठीक करती है। आप इससे मजबूत होकर बाहर आते हैं, अपनी भावनाओं का त्याग करते हैं, आगे बढ़ते हैं, बेहतर बनते हैं और सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।  

नज़दीकी राजयोग सेवाकेंद्र का पता पाने के लिए

28 april 2025 soul sustenance hindi

सफलता के 5 खूबसूरत पहलू (भाग 1)

सफलता के खूबसूरत पहलू – जानिए कैसे सिर्फ बाहरी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि अंदरूनी शांति, संतोष और संपूर्णता से मिलती है असली सफलता। बाहरी और अंदरूनी सफलता के बीच सही संतुलन बनाकर जीवन में स्थायी खुशी और स्वास्थ्य पाएं।

Read More »