गुरुग्राम के सेक्टर 10-A स्थित कम्युनिटी सेंटर में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा “समय की पुकार – शांत मन, खुशहाल जीवन” विषय पर एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर प्रेरणादायी उद्बोधन एवं राजयोग मेडिटेशन का लाभ लिया।
कार्यक्रम में मुंबई से पधारे मुख्य वक्ता प्रोफेसर ई.वी. गिरीश ने मन की शांति, सकारात्मक चिंतन और दैनिक जीवन में राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शांत मन ही खुशहाल जीवन का आधार है। उन्होंने विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए नागरिकों के शारीरिक, मानसिक, व्यावहारिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनने की आवश्यकता पर बल दिया।
ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ORC) से पधारे बीके भीम भाई ने सकारात्मक विचारों को अपनाने और नियमित राजयोग अभ्यास द्वारा मन को शांत एवं शक्तिशाली बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जब हम स्वयं पहल करके दूसरों से प्रेम और स्नेहपूर्वक मिलते हैं, तो बदले में हमें भी प्रेम, खुशी और आत्मीयता प्राप्त होती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा हरियाणा प्रदेश महिला समिति की अध्यक्षा उषा प्रियदर्शनी, भाजपा गुरुग्राम अध्यक्ष सेवा प्रिया त्यागी तथा सेक्टर 10-A के पार्षद महावीर यादव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आध्यात्मिक सत्र में सहभागिता कर राजयोग और आत्मिक शांति का अनुभव किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज़ की निःस्वार्थ समाजसेवा एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाज में सकारात्मकता, आपसी सद्भाव और मानसिक शांति का संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में बीके सीमा ने स्वागत संबोधन दिया तथा बीके पारुल ने कुशल मंच संचालन किया। बीके बहनों ने सभी प्रतिभागियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया और मन को शांत, स्थिर एवं एकाग्र बनाने की विधि समझाई। उन्होंने प्रेरित किया कि परिस्थितियां कैसी भी हों, हमें अपने स्वभाव में गुलाब के फूल की तरह कोमलता, मधुरता और सकारात्मकता बनाए रखनी चाहिए।
यह आध्यात्मिक आयोजन सभी को संदेश दे गया कि सच्ची खुशहाली बाहरी परिस्थितियों में नहीं, बल्कि शांत मन, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों में निहित है। नियमित राजयोग अभ्यास से व्यक्ति स्वयं को सशक्त बनाकर परिवार और समाज में शांति एवं सुख का वातावरण निर्मित कर सकता है।


























