रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की बहनों ने देशभर में रक्षा, प्रशासन, राजनीति, शिक्षा, समाज, उद्योग, मीडिया एवं आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों को ईश्वरीय रक्षा सूत्र बांधकर आत्मिक प्रेम, पवित्रता, शांति, सद्भावना और श्रेष्ठ संस्कारों का संदेश दिया। इस अवसर पर अनेक स्थानों पर विशेष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नई दिल्ली — रक्षा मंत्री समेत सुरक्षा अधिकारियों को बांधा ईश्वरीय रक्षा सूत्र

देश की सीमाओं की रक्षा, सुरक्षा व्यवस्था और राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन करने वाले विशिष्ट सैन्य एवं पुलिस अधिकारियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ बहनों ने उन्हें ईश्वरीय रक्षासूत्र बांधा। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रक्षा सचिव आईएएस श्री राजेश कुमार सिंह, पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, एक्स-सर्विसमैन कॉन्ट्रिब्यूटरी हेल्थ स्कीम के एमडी मेजर जनरल अनिल चंदेल, सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक संजय सिंघल तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी गई। हरिनगर सेवा केंद्रों की प्रभारी एवं संस्था के सुरक्षा सेवा प्रभाग की उपाध्यक्षा बीके शुक्ला दीदी, राजयोग शिक्षिका बीके सारिका एवं बीके फलक ने यह सेवा की।

डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के अंतर्गत चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ एयर मार्शल तजेंद्र सिंह तथा डिप्टी चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ वाइस एडमिरल राजेश धांगकर को भी ईश्वरीय रक्षा सूत्र बांधा गया।


अयोध्या — संत-महात्माओं को बांधा ईश्वरीय प्रेम का धागा

अयोध्या सेवा केंद्र की ओर से रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीके मुकेश भाई की ओर से अयोध्या के संत-महात्माओं एवं गणमान्य जनों को आत्मिक स्नेह और पवित्रता के संदेश के साथ रक्षासूत्र बांधकर शुभकामनाएं दी गईं। बेंगलुरु से बीके वैजयंती, बीके सुनीता एवं बीके खुशबू ने संतों एवं गणमान्य व्यक्तियों को पवित्र रक्षा सूत्र बांधा। विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष एवं श्री राम जन्मभूमि के पूर्व महासचिव श्री चंपत राय, जगतगुरु ओमकारानंद जी महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी तथा विदेश संपर्क विभाग के क्षेत्रीय संयोजक रवि तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।

दिल्ली — स्वामी नारायण मंदिर में पवित्रता का रक्षासूत्र

अशोक विहार फेज-3 स्थित अक्षर ज्योति स्वामी नारायण मंदिर में ब्रह्माकुमारीज़ बहनों ने आध्यात्मिक एवं स्नेहपूर्ण वातावरण में मंदिर के गुरुजी एवं आनंद दीदी को पवित्र रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बहनों ने पर्व के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्मिक प्रेम, पवित्रता, सद्भावना और श्रेष्ठ संकल्पों का संदेश देने वाला पर्व है। मंदिर के गुरुजी एवं आनंद दीदी ने ब्रह्माकुमारीज़ के आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की।


पटना — राज्यपाल को दिया पवित्रता का संदेश

पटना सिटी पंचवटी कॉलोनी सेवा केंद्र की संचालिका बीके रानी ने नागालैंड के राज्यपाल श्री नंद किशोर यादव से उनके पटना सिटी स्थित आवास पर आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर उन्हें रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व एवं पवित्रता का संदेश दिया गया।
उत्तराखंड — राज्यपाल को बांधी पवित्र राखी

वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके मंजू ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी गुरमीत कौर से आत्मीय भेंट कर उन्हें पवित्र राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल महोदय ने ब्रह्माकुमारीज़ के 10 करोड़ नशा मुक्ति महाभियान की सराहना की। इस अवसर पर उन्हें माउंट आबू मुख्यालय में आयोजित होने वाले ग्लोबल समिट में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया।

रीवा — उपमुख्यमंत्री को बांधा परमात्मा शिव का रक्षासूत्र

रीवा में ब्रह्माकुमारीज़ बहनों ने मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल को परमात्मा शिव का पवित्र रक्षासूत्र बांधा। उन्हें पवित्रता, आत्मिक शक्ति और श्रेष्ठ संकल्पों के साथ जीवन जीने का संदेश दिया गया। रीवा केंद्र की संचालिका बीके लता ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला।

सुरक्षा बल — 2000 से अधिक जवानों को बांधा ईश्वरीय रक्षा सूत्र (नीमच)

रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की ओर से 2000 से अधिक जवानों एवं अधिकारियों को ईश्वरीय रक्षा सूत्र बांधा गया। सबजोन संचालिका बीके सविता दीदी ने कहा कि जवान यदि शांति, धैर्य, सहयोग और ईमानदारी जैसे श्रेष्ठ संस्कारों से परिपूर्ण रहें, तो वे स्वयं की सुरक्षा के साथ देश और समाज की रक्षा का दायित्व भी श्रेष्ठ रूप से निभा सकते हैं। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके श्रुति एवं अन्य बीके बहनों ने जवानों को आत्मस्मृति का तिलक लगाकर ईश्वरीय रक्षा सूत्र बांधा और सभी का मुख मीठा कराया।


नीमच — बुराई छोड़ने और सद्गुण अपनाने का संकल्प

नीमच के पावन धाम स्थित सद्भावना सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में बीके सदस्यों एवं नागरिकों को किसी बुराई का त्याग करने अथवा किसी विशेष सद्गुण को जीवन में धारण करने का संकल्प दिलाकर ईश्वरीय शक्ति संपन्न रक्षा सूत्र बांधा गया। विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संतोष चोपड़ा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र पहुंचकर रक्षासूत्र बंधवाया।

उत्तर प्रदेश — जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बांधी राखी

बीके राधा दीदी ने देश एवं प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से आत्मीय भेंट कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, जिलाधिकारी विशाख जी तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह को राखी बांधी गई। सभी को प्रेम, पवित्रता, आत्मिक भाईचारे एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया।
महाराष्ट्र — राजनीति, उद्योग, मीडिया और फिल्म जगत तक पहुंचा संदेश

ब्रह्माकुमारीज़ योग भवन घाटकोपर सबजोन की बहनों ने महाराष्ट्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत, मीडिया एवं फिल्म क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों से आत्मीय भेंट कर उन्हें पवित्र रक्षासूत्र बांधा। शिवसेना यूबीटी अध्यक्ष श्री उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, मंत्री अतुल सावे, महापौर ऋतु तावड़े, विधायक राम कदम एवं मुंबई भाजपा सचिव प्रवीण छेड़ा सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तियों को राखी बांधी गई।

यूनाइटेड बौद्ध मिशन के अध्यक्ष डॉ. राहुल बोधी महाथेरो, नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक प्रकाश मगदूम, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के सीईओ डॉ. विश्वास देवस्कर तथा डॉ. निरंजन हिरन नंदानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्वों को भी रक्षासूत्र बांधा गया। मीडिया एवं रचनात्मक जगत से जुड़े वरिष्ठ व्यक्तित्वों तथा अभिनेता गौतम रोडे, आरजे अर्चना पानिया एवं वॉइस ओवर आर्टिस्ट दिलीप को भी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।

दिल्ली — डॉ. किरण बेदी समेत प्रतिष्ठित हस्तियों को बांधी राखी

ब्रह्माकुमारीज़ किंग्सवे कैंप सेवा केंद्र की संचालिका बीके साधना दीदी, बीके बिंदु एवं बीके तारा ने देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी डॉ. किरण बेदी से उनके निवास पर भेंट कर उन्हें शिव बाबा की पवित्र राखी बांधी। साथ ही माउंट आबू मुख्यालय में होने वाले ग्लोबल समिट में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। नवज्योति इंडिया फाउंडेशन के स्टाफ सदस्यों को भी ईश्वरीय राखी बांधकर पवित्रता एवं शांति का संदेश दिया गया।

दिल्ली — प्रशासनिक एवं शैक्षणिक जगत को रक्षासूत्र

दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद एवं मंत्री रविंद्र सिंह सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेजेस प्रोफेसर बलराम पानी, रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता, पूर्व डीयूटीए अध्यक्ष प्रोफेसर ए.के. भागी, डीयूडब्ल्यूए की अध्यक्ष प्रोफेसर गीता सहारे तथा आईपी कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर पूनम कुमारिया को रक्षासूत्र बांधा गया। सेवा विभाग के विशेष सचिव डॉ. ए.के. बिष्ट, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव अर्जुन शर्मा तथा दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी ईश्वरीय रक्षा सूत्र बांधा गया।

कोलकाता — राज्यपाल समेत प्रमुख हस्तियों को बांधा रक्षासूत्र

कोलकाता म्यूजियम सेवा केंद्र की प्रभारी बीके मुन्नी दीदी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके अंजलि, बीके चंद्रा एवं बीके सुप्रिया ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पश्चिम बंगाल सरकार के वित्त मंत्री स्वप्न दास गुप्ता, लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोदार, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री दिलीप घोष तथा गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स के सीएमडी सुनील कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों को भी रक्षासूत्र बांधा गया।

भुवनेश्वर — 160 अग्निशमन कर्मियों के साथ मनाया रक्षाबंधन

ओडिशा अग्नि आपदा प्रतिक्रिया अकादमी, भुवनेश्वर में विभिन्न राज्यों से प्रशिक्षण लेने आए 160 अग्निशमन कर्मियों के लिए ‘क्वालिटी ऑफ लाइफ’ विषय पर जागरूकता एवं रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा केंद्र की प्रभारी बीके दुर्गेश नंदिनी ने जीवन के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। सभी कर्मियों को आत्मिक शांति के लिए मेडिटेशन कराया गया तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अग्निशमन कर्मियों को रक्षासूत्र बांधा गया।

दिल्ली — परमपुरी भवन में 100 से अधिक सदस्यों ने मनाया पर्व

दिल्ली के परमपुरी भवन सेवा केंद्र में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। राजौरी गार्डन सबजोन की प्रभारी बीके शक्ति दीदी ने उपस्थित बीके सदस्यों को रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व और आत्मिक प्रेम का संदेश दिया। सेवा केंद्र के प्रभारी बीके सुदेश एवं बीके इंद्रजीत ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहभागिता निभाई। समारोह में 100 से अधिक बीके सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने पवित्रता, सकारात्मकता एवं परमात्म स्मृति के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया।
रक्षाबंधन — आत्मिक प्रेम और श्रेष्ठ संस्कारों का पर्व
ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से रक्षाबंधन के आध्यात्मिक स्वरूप को सामने रखा गया। ईश्वरीय रक्षा सूत्र केवल कलाई पर बांधा जाने वाला धागा नहीं, बल्कि स्वयं को बुराइयों से बचाने, पवित्रता को अपनाने, आत्मिक शक्ति बढ़ाने और जीवन में शांति, प्रेम, सद्भावना एवं श्रेष्ठ संस्कारों को धारण करने का संकल्प है।










