अव्यक्त बापदादा की नैनों के नूर, बीके परिवार की सर्व निमित सेवाधारी बहने एवं भाइयों, युवा प्रभाग की ओर से बी.के. चन्द्रिका बहन सहित सम्पूर्ण टीम का हृदयपूर्वक ईश्वरीय प्यार और मधुर याद स्वीकार हो।
हमें यह साझा करते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि युवा प्रभाग, ब्रह्माकुमारीज़ के मार्गदर्शन में राष्ट्रव्यापी अभियान “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” दिनांक 20 से 21 सितम्बर 2025 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह अभियान 2047 तक नशा मुक्त भारत के संकल्प की दिशा में युवाओं की ऊर्जा और संस्थागत संकल्प का अद्भुत संगम बना।
इस अभियान के अंतर्गत देशभर में छह सौ से अधिक युवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। नशा मुक्ति प्रतिज्ञा समारोहों ने नई चेतना जगाई। “नशा मुक्त मन, स्वस्थ जीवन और राष्ट्र निर्माण” विषय पर आयोजित जागरूकता सत्रों ने युवाओं में आत्मविश्वास भरा। विशिष्ट वक्ताओं के प्रेरक उद्बोधन और नशा छोड़ चुके युवाओं के अनुभवों ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ जैसे गीत, नाटक और स्किट ने संदेश को हृदय तक पहुँचाया। सामूहिक राजयोग साधना और स्वदेशी भारत प्रतिज्ञा के साथ वातावरण को दिव्यता और संकल्पशक्ति से ओतप्रोत किया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, रिट्रीट सेंटरों और सेवा स्थलों से युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे राष्ट्रीय अभियान का स्वरूप प्रदान किया।
इस आयोजन ने युवाओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति गहरी जागरूकता उत्पन्न की। सामूहिक प्रतिज्ञाओं के माध्यम से नशा मुक्त जीवन का संकल्प और अधिक मजबूत हुआ। आत्मनिर्भर और विकसित भारत 2047 की दृष्टि को यह अभियान विशेष बल प्रदान करता है।
हम आप सभी को हृदय से धन्यवाद और शुभकामनाएँ देते हैं। इतने कम समय की सूचना में भी आपने अत्यंत उत्साहपूर्वक विविध कार्यक्रम सम्पन्न कर युवा प्रभाग के सच्चे सहयोगी होने का परिचय दिया है। सभी सेवा स्थलों तथा भाई-बहनों को कोटि-कोटि धन्यवाद एवं हार्दिक अभिनंदन।
हमें पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी आप इसी प्रकार निरंतर सहयोग और सहभागिता प्रदान करते रहेंगे। युवा प्रभाग, सेवा केन्द्रों और बाबा के अथक सेवाधारियों के प्रयासों से यह अभियान सफल बना। आइए, हम सब मिलकर नशा मुक्त, मूल्य आधारित और सशक्त युवा शक्ति के निर्माण में सतत योगदान देते रहें।

























