आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन, आबू रोड में 10 अक्टूबर से 13 अक्टूबर 2025 तक चार दिवसीय वैश्विक शिखर सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इस वर्ष का विषय है – “एकता और विश्वास: आदर्श भविष्य के लिए प्रेरणा।” इस सम्मेलन में छह देशों की छह हजार से अधिक नामचीन हस्तियां भाग लेंगी, जिनमें धर्म, अध्यात्म, राजनीति, समाजसेवा, पर्यावरण, विज्ञान, व्यापार और शिक्षा जगत के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस महाशिविर में 15 से अधिक केंद्रीय और राज्य कैबिनेट मंत्री, 14 सांसद, 45 विधायक, 13 विदेशी राजदूत एवं प्रतिनिधि, 20 मीडिया दिग्गज, 20 कुलपति, 10 सोशल एक्टिविस्ट, तथा देशभर से आए 9 आईएएस और आईपीएस अधिकारी सहभागिता करेंगे।
संस्थान के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि शांतिवन में तैयारियां जोरों पर हैं और पूरे परिसर को दिव्य वातावरण के अनुरूप सजाया जा रहा है। उद्घाटन सत्र 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे से 7.30 बजे तक आयोजित होगा। इस सत्र में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके, राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, कांग्रेस के महासचिव एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, तथा आरएसएस के इंद्रेश कुमार अतिथि रूप में सम्मिलित होंगे।
मुख्य अतिथियों में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री वी. सोमन्ना, राज्य मंत्री भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा, कैलाश विजयवर्गीय, क्रिष्णपाल मलिक, हरपाल सिंह चीमा, संबित पात्रा, मनोज तिवारी, हेमंत खंडेलवाल, अंतर सिंह आर्य, ओटाराम देवासी, झबर सिंह खरा, श्रीशरणबसप्पा दर्शनापुर, डॉ. संजय निषाद और डॉ. नागलक्ष्मी चौधरी सहित अनेक राज्यों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
शांतिवन परिसर में विश्व के सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक लगाए गए हैं। डायमंड हॉल को विशेष रूप से सजाया गया है। अतिथियों के लिए सौर ऊर्जा से संचालित शिव भोलानाथ भंडारा, सोलार थर्मल पावर प्लांट, तपोवन, पांडव भवन, पीस पार्क और ज्ञान सरोवर के भ्रमण की विशेष व्यवस्था की गई है।
सम्मेलन के दौरान तीन विशेष श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे –
मानवता के संरक्षक पुरस्कार: एकता, शांति और सद्भाव के लिए कार्यरत व्यक्तित्वों को समर्पित।
ज्वेल ऑफ इंडिया अवार्ड: उद्योग और उद्यमिता में नवाचार कर समाज में प्रेरणा देने वाले उद्यमियों को समर्पित।
राष्ट्र चेतना पुरस्कार: सत्य, साहस और समाज कल्याण के लिए समर्पित पत्रकारिता के आदर्शों का सम्मान।
यह सम्मेलन विश्व शांति, आध्यात्मिक एकता और आत्म परिवर्तन के संदेश को सशक्त रूप से प्रसारित करेगा। सभी अतिथि और सहभागी इस आयोजन के माध्यम से “एकता और विश्वास” के मूल्यों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा प्राप्त करेंगे।
For More Information Please Visit :


























