15 फरवरी 2026 को पांडव भवन, करोल बाग, दिल्ली में ब्रह्माकुमारीज़ करोल बाग द्वारा 90वीं शिव जयंती के उपलक्ष्य में ‘शिव वरदानी माह’ के अंतर्गत करोल बाग एवं आसपास के क्षेत्रों में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पांडव भवन करोल बाग, Amaryllis अपार्टमेंट्स करोल बाग, कनॉट प्लेस स्थित ब्रह्मा कुमारीज़ इनर स्पेस, जोशी रोड तथा सराय रोहिल्ला/किशनगंज सहित अनेक स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लेकर राजयोग मेडिटेशन का अनुभव किया।
पांडव भवन, करोल बाग दिल्ली की निदेशिका राजयोगिनी बीके पुष्पा दीदी ने
शिव जयंती का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए कहा कि परमात्मा शिव निराकार, सर्वशक्तिमान और सर्वकल्याणकारी हैं। उनसे सच्चा संबंध जोड़कर मनुष्य अपने जीवन को श्रेष्ठ, पवित्र और दिव्य बना सकता है।
पांडव भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में श्री प्रवीण कपूर (महामंत्री, दिल्ली धार्मिक महासंघ, दिल्ली प्रदेश), गुरुग्राम की सिविल जज बहन किम्मी, अक्षय कपूर (संयोजक, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश) तथा चार्टर्ड इंजीनियर एवं सीनियर इंश्योरेंस लॉस असेसर रोहित कुमार सिंगला सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
Amaryllis अपार्टमेंट्स, करोल बाग में आयोजित भव्य समारोह में लगभग 400 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर रोहिणी कोर्ट के जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक गर्ग, चिकित्सक डॉ. संजय राणा, RWA प्रेसिडेंट विजय गुप्ता, पूर्व एसीपी राजा राम तथा नवीन गोयल (MD, Panchanan International Pvt. Ltd.) सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
जोशी रोड, करोल बाग में आयोजित कार्यक्रम में करोल बाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विशेष रवि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मौन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मौन का अभ्यास जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान बन सकता है। पंजाबी बाग से पधारी कोकीला दीदी ने शिवरात्रि का आध्यात्मिक रहस्य सरल शब्दों में समझाया।
सराय रोहिल्ला/किशनगंज में आयोजित कार्यक्रम में सराय रोहिल्ला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमदत्त तथा पार्षद पूजा मान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों के दौरान दीप प्रज्वलन, राजयोग मेडिटेशन, प्रेरणादायक प्रवचन, “शिव निराकार हैं” विषय पर लघु नाटिका, कुमारी शिवान्या द्वारा आध्यात्मिक नृत्य तथा जोशी रोड क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
संपूर्ण ‘शिव वरदानी माह’ के दौरान सभी स्थानों पर शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का सुंदर वातावरण बना रहा। हजारों लोगों ने इन कार्यक्रमों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाने का संकल्प लिया।
































