नवरात्रि के पावन अवसर पर नवा रायपुर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के शांति शिखर में सजाई गई चैतन्य देवियों की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नौ देवियों के दिव्य एवं सजीव स्वरूपों के दर्शन कर हजारों श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद और प्रेरणा का अनुभव कर रहे हैं।
झांकी का शुभारंभ नगरीय निकाय के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार, 155 इन्फैंट्री बटालियन के कर्नल श्री राजकुमार बिश्नोई, रायपुर सेवा केंद्र की संचालिका बीके सविता दीदी तथा बीके रश्मि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने झांकी की सराहना करते हुए कहा कि
चैतन्य देवियों के दर्शन अत्यंत दर्शनीय एवं जीवंत हैं। राजयोग साधना में लीन ब्रह्माकुमारी बहनों को निहारना एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव है। अतिथियों ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से यह सुंदर संदेश दिया जा रहा है कि जीवन की अनेक समस्याओं का समाधान आध्यात्मिकता के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार ने नारी शक्ति के अस्तित्व और महत्व को दर्शाने वाली इस झांकी को अविस्मरणीय बताया।
बीके सविता दीदी ने जानकारी दी कि शांति शिखर में प्रतिवर्ष नवरात्रि के अवसर पर चैतन्य देवियों की झांकी सजाई जाती है, जिसे श्रद्धालु विशेष रूप से पसंद करते हैं।
यह दिव्य झांकी केवल देवी दर्शन का माध्यम ही नहीं, बल्कि आत्मिक शक्तियों को जागृत करने, श्रेष्ठ संस्कार अपनाने और जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को धारण करने की प्रेरणा भी देती है। नवरात्रि का यह आयोजन श्रद्धालुओं को शांति, पवित्रता और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर होने का संदेश दे रहा है।




























