गणेश चतुर्थी के अवसर पर न्यू जर्सी स्थित वुडब्रिज सेंटर में भव्य गणेश उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ एडिसन सेंटर ने विशेष सहभागिता करते हुए उत्सव के आध्यात्मिक संदेश को राजयोग ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ा।
न्यू जर्सी एवं आसपास के क्षेत्रों से करीब 2 लाख लोगों ने इस उत्सव में सहभागिता की। एडिसन सेवा केंद्र की ओर से बीके शीतल एवं बीके हेमंग ने आगंतुकों को राजयोग के सिद्धांतों से परिचित कराया।
गणेश जी को विघ्नहर्ता और बुद्धि के प्रतीक के रूप में स्मरण करते हुए बताया गया कि जीवन की वास्तविक बाधाएं केवल बाहरी परिस्थितियों में नहीं, बल्कि हमारे भीतर मौजूद नकारात्मक विचारों, आदतों और कमजोरियों में भी होती हैं। राजयोग के माध्यम से मन को सकारात्मक एवं शक्तिशाली बनाने की प्रेरणा दी गई।
उत्सव परिसर में ब्रह्माकुमारीज़ का विशेष इंटरैक्टिव स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहा। कर्मापोली गतिविधि के माध्यम से पारंपरिक मोनोपोली खेल को कर्मों की सुंदर सीख से जोड़ा गया। वहीं सासिडी खेल के माध्यम से गुणों एवं अवगुणों के प्रभाव को समझाया गया। वर्चुअल व्हील भी लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना।
इस दौरान ब्रह्माकुमारीज़ के सदस्यों ने आगंतुकों के साथ आत्मीय संवाद किया और उन्हें विशेष आशीर्वचन कार्ड प्रदान किए। पीस विलेज रिट्रीट सेंटर, न्यूयॉर्क से सिस्टर डो एवं सिस्टर कैरेन ने भी विशेष रूप से कार्यक्रम में सहभागिता की और आयोजक प्रशांत पटेल से मुलाकात की।
ब्रह्माकुमारीज़ की सहभागिता ने गणेश उत्सव को आध्यात्मिक संदेश से जोड़ते हुए आगंतुकों को आंतरिक शक्ति, सकारात्मक चिंतन और राजयोग के माध्यम से जीवन की बाधाओं पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा दी।



















