ब्रह्माकुमारीज़ वेस्ट मारेडपल्ली सेवा केंद्र, सिकंदराबाद में विशेष संत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में दिव्य शक्ति अखाड़ा, सहारनपुर के आचार्य महामंडलेश्वर संत कमल किशोर जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर सिकंदराबाद सबजोन प्रभारी बी.के. मंजू दीदी, बी.के. सत्यनारायण भाई, जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा लोकायुक्त के विधि संस्थान के निदेशक बी.के. रमेश भाई सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
आचार्य महामंडलेश्वर संत कमल किशोर जी महाराज ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी से मिलकर विश्व में शांति और सद्भाव स्थापित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
अपने संदेश में उन्होंने
राजयोग एवं आत्म-सशक्तिकरण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बहनें हमें स्वयं पर शासन करना सिखाती हैं। उन्होंने पांच कर्मेंद्रियों, पांच ज्ञानेंद्रियों और मन पर विजय प्राप्त कर स्वयं को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से संत कमल किशोर जी महाराज का सम्मान किया गया। आयोजन का समन्वय बी.के. बिंदु दीदी ने किया, जबकि बी.के. ममता दीदी के मार्गदर्शन में सामूहिक राजयोग ध्यान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
अंत में बी.के. रंजन भाई ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संदेश रहा कि आध्यात्मिक जागृति, राजयोग और श्रेष्ठ संस्कारों के माध्यम से व्यक्ति में आंतरिक परिवर्तन लाकर समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मकता का वातावरण निर्मित किया जा सकता है।


























