Brahma Kumaris

मन की बेचैनी: चिंता, तनाव और घबराहट को समझना

मन की बेचैनी: चिंता, तनाव और घबराहट को समझना
Journey
Key Takeaway

यह लेख बताता है कि मन की बेचैनी और चिंता अचानक नहीं होती, बल्कि यह धीरे-धीरे छोटे संकेतों के रूप में हमारे भीतर बढ़ती है, जिन्हें हम अक्सर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। जब मन लगातार सोचता रहता है और आत्मा के मार्गदर्शन से दूर होकर स्वयं को ही जीवन का संचालक मानने लगता है, तब असंतुलन और अशांति बढ़ने लगती है। आत्मिक जागरूकता, सही सोच और प्रेमपूर्ण संवाद के द्वारा मन को फिर से संतुलित किया जा सकता है। इस अभ्यास से भीतर की शांति लौट आती है और बेचैनी स्वाभाविक रूप से कम होने लगती है।

आज की तेज़ रफ़्तार और भाग-दौड़ भरी ज़िंदगी में हममें से ज़्यादातर लोग मन में एक हल्की-सी बेचैनी लेकर चलते हैं — ऐसी बेचैनी जिसे न हम ठीक से समझ पाते हैं और न ही आसानी से बता पाते हैं। बाहर से सब कुछ बिल्कुल सामान्य लगता है, लेकिन अंदर कहीं न कहीं मन अशांत-सा महसूस करता है। यही हल्की-सी भावना कभी चिंता बन जाती है, कभी घबराहट, और कभी बस एक अनजानी-सी बैचेनी। हमारे मन की यह छोटी-सी बेचैनी हमें सिग्नल देती है कि हम अपनी वास्तविक शांति से थोड़ा दूर हो रहे हैं। और यही वह समय है जब हमें अपने मन को फिर से शांत और स्थिर बनाने की जरूरत है।

आइए इस ब्लॉग द्वारा समझें कि चिंता व बैचेनी धीरे-धीरे कैसे शुरू होती है, उसके शुरुआती संकेत क्या होते हैं, और कैसे हम अपने अंदर की शांति से जुड़कर इसे ठीक कर सकते हैं!

When Peace Feels Distant- hindi.jpg

जब मन की शांति कहीं खोती हुई महसूस हो

आजकल की व्यस्त ज़िंदगी में, हम एक कार्य से दूसरे कार्य, एक जिम्मेदारी से दूसरे जिम्मेदारी, जिम्मेदारियों को निभाने के लिए पूरे दिन भागते रहते हैं। दिन कब निकल जाता है, हमें पता भी नहीं चलता। मन चाहता है कि थोड़ा रुकें, थोड़ा सांस लें। लेकिन जब हमें बैठने का मौका मिलता भी है, तो शांति मिलने के बजाय मन में अलग-अलग खयाल आने लगते हैं — और एक अजीब-सी बेचैनी महसूस होने लगती है, जिसे हम अक्सर समझ भी नहीं पाते।

रोज़मर्रा के कार्य, घर-परिवार, ऑफिस — सब कुछ हम किसी तरह संभाल लेते हैं। पर अंदर कहीं न कहीं मन का शोर चलता ही रहता है। जब हम खुद को किसी कार्य में उलझा देते हैं, तो यह शोर कुछ समय के लिए धीमा पड़ जाता है। लेकिन जैसे ही हम कुछ पल शांति से बैठते हैं, वही बेचैनी फिर से सामने आकर खड़ी हो जाती है।

मन का यह न दिखने वाला भारीपन आजकल हमारी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का एक बैकग्राउंड म्यूज़िक बन गया है। हम इसे इतना सामान्य मानने लगे हैं कि भूल गए हैं — “यह सामान्य नहीं है।” यह मन की एक अंदरूनी आवाज़ है, जो हमें धीरे से याद दिलाती है:

“तुम अपने अंदर की शांति से दूर हो रहे हो… अब इसे वापस महसूस करने का समय है।”

तो, अब सवाल ये उठता है कि — जब हमारे मन में पहले से ही इतना शोर है, विचारों की हलचल है, तो इस छोटे से सिग्नल को कैसे पहचानें?

The Initial Signals of Restlessness.jpg

बेचैनी के शुरुआती संकेत

यहां यह जानना ज़रूरी है कि बेचैनी या घबराहट एक ही दिन में पैदा नहीं होती। यह धीरे-धीरे बढ़ती है और पहले छोटे-छोटे सिग्नल्स के रूप में दिखाई देती है — जैसे मन में जरूरत से ज़्यादा सोच चलना, किसी बात का बार-बार याद आना, या रात को ठीक से नींद न आना। लेकिन, क्योंकि यह मन का शोर हमें अब आम-सा लगने लगा है, इसलिए हम इसे तब ही महसूस करते हैं जब शरीर थकावट के ज़रिए संकेत देता है, या फिर हम अपने ही शब्दों पर काबू खोने लगते हैं — कहना कुछ चाहते हैं, पर निकल कुछ और जाता है।

इसलिए सबसे पहले ज़रूरत है अपने मन के इन छोटे-छोटे संकेतों को पहचानने की। जैसे — कोई विचार मन में बार-बार घूम रहा हो, कोई ऐसी भावना जो शांत न हो रही हो, या फिर अंदर एक हल्का-सा भारीपन महसूस हो रहा हो, जबकि बाहर सब बिल्कुल ठीक दिख रहा हो। अगर हम इन संकेतों को महसूस कर लें, तो आधी परेशानी वहीं कम हो जाती है। इसके लिए दिन में कुछ मिनट अपने लिए निकालें और बस अपने आप से एक साधारण-सा सवाल पूछें: “अभी मेरा मन कैसा है — शांत या फिर उलझा हुआ?”

यहां यह जानना जरूरी है कि ये सवाल किसी गहरी जांच के लिए नहीं है। इसका उद्देश्य सिर्फ इतना है कि हम अपने मन की ओर थोड़ा-सा ध्यान दें, उसे सुनें, और समझें कि वह हमें क्या बताना चाहता है।

आइए, इसे एक आसान-से उदाहरण से समझते हैं।

मान लीजिए, एक व्यस्त सड़क पर कोई ट्रैफिक पुलिस वाला नहीं है। ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हर गाड़ी आगे बढ़ना चाहती है, लेकिन एक ही सड़क पर सब गाड़ियाँ एक साथ नहीं निकल सकतीं। और जैसे ही बहुत सारी गाड़ियाँ एक साथ आगे बढ़ने की कोशिश करती हैं — हर एक को लगता है कि उसे पहले जाना चाहिए — तब पूरा ट्रैफिक धीमा पड़ जाता है। यहाँ तक कि एम्बुलेंस, जिसे सबसे पहले निकलना चाहिए, वह भी उसी भीड़ में फँस जाती है, क्योंकि रास्ते पर निकलने के लिए जगह ही नहीं है।

हमारा मन भी कुछ ऐसे ही कार्य करता है।

जब मन में एक साथ बहुत-से विचार आने लगते हैं — यह कार्य पूरा करना है, पुरानी बातें याद आ रही हैं, कल की चिंता, आगे की प्लानिंग — तो मन समझ ही नहीं पाता कि सबसे जरूरी क्या है, किस पर पहले ध्यान देना चाहिए? एक साथ सबकुछ जरूरी लगने लगता है, और विचारों के इस ट्रैफिक में वह जरूरी विचार, जिसे हमें तुरंत करना होता है, वह सामने नहीं आ पाता।

अपने मन को फिर से शांत करने और अंदर की स्थिरता और संतुलन वापस लाने के लिए, हमें मन से लड़ने या फिर उस पल से भागने की जरूरत नहीं होती है। बस इतना करने की जरूरत होती है कि जो बातें हमारी एनर्जी को कम करती हैं, उन्हें कम करें — और जो बातें हमें एनर्जाइज्ड करती हैं, उन्हें बढ़ाएँ

तो आइए, समझते हैं कि मन के लिए अपना छोटा-सा “ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम” कैसे बनाया जा सकता है!

Mind Forgets The Master.jpg

मन अपने असली मालिक को भुला देता है

हमारा मन, जो हमारे भीतर एक व्यस्त मार्ग की तरह चलता रहता है, कभी भी अकेले संचालित होने के लिए नहीं बनाया गया था। उसके पीछे हमेशा एक गहरी, शांत जागरूकता रहती है — वह हिस्सा जो समझता है और सही चुनाव कर सकता है। परंतु बाहरी भूमिकाओं और कर्तव्यों के शोर में हम धीरे-धीरे अपनी उसी आंतरिक जागरूकता की ध्वनि को दबा देते हैं और केवल मन के माध्यम से ही जीवन चलाने लगते हैं। जब हम उस स्थिरता से संपर्क खो देते हैं, तो हम भीतर की उस शांत उपस्थिति — आत्मा, प्रकाशमय जीव — से मार्गदर्शन लेना भूल जाते हैं।

जब मन खुद को मालिक मान लेता है, तो वह बिना रुके सोचता रहता है, हर छोटी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देता है। हर चीज़ को कंट्रोल करने की कोशिश में वह थक जाता है और उसका संतुलन बिगड़ जाता है। समय के साथ ये छोटी-छोटी प्रतिक्रियाएँ एक “आदत” बन जाती हैं और धीरे-धीरे जीवन जीने का तरीका बन जाती हैं।

मन इस सच्चाई को भुलाकर कि, असली मालिक आत्मा है, अपनी ही रफ्तार से जीवन को चलाने लगता है। यहीं से असंतुलन शुरू होता है। बेचैनी तब बढ़ती है जब मन, जिसे केवल निर्देश मानने थे, वही हमें चलाने लगता है।

इसका सॉल्यूशन यह बिल्कुल नहीं है कि हम सोचना ही बंद कर दें या अपनी ज़िंदगी की रफ़्तार को धीमी कर दें।

It is to return to the awareness that we are souls — quiet, living beings at the center of all experience.jpg

असल सॉल्यूशन है हम फिर अपनी उस जागृतता में लौट आएँ कि हम आत्मा है — एक शांत, पवित्र चेतना जो हर अनुभव को अपनी शक्ति देती है। इसका अर्थ है कि हमें आदतों, दबाव या अहंकार वश नहीं, बल्कि आत्मिक चेतना (सोल कॉन्शियसनेस) से चलना है। यह समझ रखते हुए कि मैं कौन हूँ — एक शांत, पवित्र आत्मा… मन की असली मालिक

इस एहसास के साथ मन धीरे-धीरे शांत होने लगता है। उसकी भागने की स्पीड कम होती जाती है, बातें साफ़ दिखने लगती हैं, और वह रिएक्शन की जगह रेस्पॉन्स देने लगता है। बेकार की चिंता और बेचैनी में एनर्जी वेस्ट करना बंद हो जाता है। इस छोटे-से बदलाव से भीतर की शांति लौट आती है बिल्कुल वैसे ही — जैसे फोन में खुले हुए एक्स्ट्रा ऐप्स बंद करने से फोन हल्का और तेज़ हो जाता है।

आरव की कहानी: बेचैनी से लड़कर उसने अपनी नींद और शांति कैसे वापस पाई — जानने के लिए क्लिक करें

Learning to Heal From Within.jpg

अंदर से स्वयं को सँवारना सीखना

विरोध नहीं, समझ के साथ जवाब दें

अगर बेचैनी पहले से ही बहुत सारी उलझी हुई सोच के साथ हमें परेशान कर रही है, तो इससे लड़े नहीं — बस थोड़ा प्यार और नरमी दिखाएं। उस समय मन एक छोटे बच्चे जैसा होता है — जिसे प्यार से सही दिशा दिखाने की जरूरत होती है, न कि उसके भावों को दबाने की। अगर मन कहे, “अगर मैं फेल हो गया?” तो उसे प्यार से बताएं, “मैं क्यों फेल होऊँगा? सब ठीक है।” शांति से दिया गया हर जवाब मन को सोचने की नई राह दिखाता है।

मन को सही खुराक दें

हमारे मन को भी शरीर की तरह पोषण की ज़रूरत होती है। जो हम देखते हैं, पढ़ते हैं या सुनते हैं — वही मन का भोजन बन जाता है।

इसलिए दिन की शुरुआत शांति में बैठने के साथ, थोड़े सोच विचार या कुछ मिनट अपने आत्मिक स्वरूप से जुड़कर करें। ठीक वैसे ही जैसे हम हर सुबह फोन चार्ज करते हैं, वैसे ही खुद को भी शांति के इस अनलिमिटेड चार्जर: परम स्रोत से जोड़ें, जो हमारे थके हुए मन को फिर से रीचार्ज कर देते हैं।

मन को साफ सुथरा और हल्का करना सीखें

जिस तरह ट्रैफिक को दिशा मिलने पर उसका प्रवाह सुगम हो जाता है, उसी प्रकार जब हम अपने विचारों के प्रवाह को दिशा देते हैं, तो मन भी बेहतर काम करता है। जिसे बदल नहीं सकते उसे छोड़ दें, जो अब हमारे भीतर का हिस्सा नहीं रहा उसे मुक्त कर दें, और अपना ध्यान वहीं रखें जहाँ जीवन वास्तव में घट रहा है — इसी क्षण में।

बेचैनी को ठीक करने का मतलब जीवन को कंट्रोल करना नहीं है, बल्कि अपने अंदर के माहौल को साफ़ करना है। जब मन को अच्छा पोषण मिलता है और उसे आत्मा — वास्तविक मालिक — से सही मार्गदर्शन मिलने लगता है, तो मन में संतुलन और स्थिरता धीरे-से वापस आ जाती है। और फिर हमारा वह अदृश्य मेहमान — बेचैनी और घबराहट को मन के घर में जगह नहीं मिल पाती

आंतरिक शांति में वापस लौटना

जब मन फिर से इस लय को पाने लगता है — विचार धीमे होने लगते हैं और आत्मा मार्गदर्शन देने लगती है — तब हमें समझ आता है कि शांति कभी बाहर खोजने की चीज़ थी ही नहीं।

वह तो हमेशा हमारे भीतर ही थी — हमारी आत्मा की मूल प्रकृति। जिस स्थिरता की हमें खोज थी, वह उसी अवस्था में मिलती है — जहाँ मन दिशा पाकर शांत हो जाता है, भावनाएँ निर्मल रहती हैं, और कर्म आत्मा के मार्गदर्शन में स्पष्टता से बहते हैं तब मौन असहज नहीं लगता; वह वह स्थान बन जाता है जहाँ हमारी सच्ची शक्ति बसती है।

Challenges will still arise, plans will still change, but when we live from that inner seat of calm, we stop reacting and start responding — with wisdom and stability.jpg

चुनौतियाँ फिर भी आएँगी, योजनाएँ फिर भी बदलेंगी — लेकिन जब हम उस आंतरिक शांति से जीने लगते हैं, तो हम प्रतिक्रिया देना छोड़ देते हैं और उत्तर देना शुरू करते हैं — बुद्धि और स्थिरता के साथ।

राजयोग के माध्यम से यह समझ और गहरी होती जाती है। आत्मा क्रियाओं के बीच भी अपने परम स्रोत से जुड़ना सीख लेती है। विचार कम, श्रेष्ठ और हल्के हो जाते हैं, और मन एक सुव्यवस्थित उपकरण की तरह बन जाता है — शांत, स्पष्ट और एनर्जी से भरपूर बन जाता है।

याद रखें, बेचैनी हमारी पहचान नहीं है। यह सिर्फ एक हल्का संकेत है, जो कहता है, ‘तुम अपनी अंदर की शांति से थोड़ा दूर हो गए हो… वापस लौट आओ।’ और जब हम उस संकेत को डर से नहीं, प्रेम से सुनते हैं, तभी घर लौटने की यात्रा शुरू होती है। क्योंकि शांति कभी खोई नहीं थी — वह तो बस हमारी प्रतीक्षा कर रही थी कि हम उसे फिर से पहचान लें।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दुनिया में 300 मिलियन (30 करोड़ ) से ज़्यादा लोग चिंता व बेचैनी का सामना कर रहे हैं — यह आज की सबसे आम भावनात्मक चुनौतियों में से एक है। सिर्फ भारत में ही हर पाँच में से एक वयस्क इसके लक्षण महसूस करता है। ये आंकड़े बताते हैं कि इसके केसिज़ दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं, लेकिन सही जानकारी, सही समझ और आंतरिक अभ्यास से इसे धीरे-धीरे बदला जा सकता है।

राजयोग के अभ्यास से हम सच्ची शांति का अनुभव कर सकते हैं। हमारा मन शांत होता जाता है, विचार स्पष्ट होते जाते हैं और हम अपनी आंतरिक शक्ति से जीवन में आगे बढ़ते जाते हैं।

अगर कभी मन बहुत भारी लगे या संभालना मुश्किल हो, तो किसी डॉक्टर या प्रोफेशनल मनोवैज्ञानिक की मदद लेना भी हिम्मत और समझदारी है।

आज का अभ्यास

यह लेख बताता है कि मन की बेचैनी और चिंता अचानक नहीं होती, बल्कि यह धीरे-धीरे छोटे संकेतों के रूप में हमारे भीतर बढ़ती है, जिन्हें हम अक्सर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। जब मन लगातार सोचता रहता है और आत्मा के मार्गदर्शन से दूर होकर स्वयं को ही जीवन का संचालक मानने लगता है, तब असंतुलन और अशांति बढ़ने लगती है। आत्मिक जागरूकता, सही सोच और प्रेमपूर्ण संवाद के द्वारा मन को फिर से संतुलित किया जा सकता है। इस अभ्यास से भीतर की शांति लौट आती है और बेचैनी स्वाभाविक रूप से कम होने लगती है।

किसे भेजें यह संदेश?किसी को आज इसकी जरूरत है

शेयर

रोज़ ज्ञान पाएंWhatsApp पर

More Articles

View All