दिसंबर 2024 में किए गए एक अध्ययन के अनुसार दुनिया के करीब 16% लोग नींद न आने की समस्या यानि इनसोम्निया से जूझते हैं, और लगभग 8% लोगों को तो नींद न आने की समस्या बहुत ज़्यादा है। ग्लोबल सर्वे बताते हैं कि हर 3 में से लगभग 1 इंसान को हफ़्ते में कम से कम तीन दिन ठीक से सोने में परेशानी होती है — या तो नींद आने में समय लगता है, या बार-बार आंख खुल जाती है। इस सबका सबसे बड़ा कारण बढ़ता हुआ स्ट्रेस और टेंशन है। इसका असर बहुत गहरा होता है — दिन में थकान महसूस होना, चिड़चिड़ापन, फोकस न कर पाना और कार्य की प्रोडक्टिविटी का कम होना। साइंस ये भी कहती है कि लंबे समय तक नींद न आने से डिप्रेशन, दिल से संबंधित बिमारियाँ और शुगर जैसी प्रॉब्लम्स का रिस्क बढ़ जाता है। दूसरी तरफ, जिन लोगों की नींद अच्छी होती है, वो लगभग दोगुना ज़्यादा खुश और संतुष्ट महसूस करते हैं। इससे साफ पता चलता है कि अच्छी नींद का हमारे दिमाग और मन की हेल्थ से कितना गहरा कनेक्शन है!
इन नंबरों के पीछे करोड़ों लोगों की अपनी-अपनी कहानियाँ हैं — जो रात के 3 बजे तक जागते रहते हैं, छत को देखते रहते हैं और मन में चल रही बेचैनी को शांत करने की कोशिश करते हैं, जिसे कोई और समझ नहीं पाता। तो ये सिर्फ़ आरव की कहानी नहीं है — ये कहानी है हम में बहोतों की, जो इस भागती दौड़ती दुनिया में क्षणिक शांति की तलाश में हैं। हो सकता है, जब आप उसकी कहानी पढ़ें, तो आपको उसमें अपनी भी झलक दिखे — और शायद, आपको फिर से आराम से सोने का रास्ता भी मिल जाए।
आरव, मुंबई शहर में रहने वाला 38 साल का वयस्क, जो कई हफ्तों से ठीक से सो नहीं पा रहा था। एक दिन उसका प्रोजेक्ट बिना किसी वजह के बंद कर दिया गया — और बस, वहीं से सब शुरू हुआ। तब से उसके मन में एक डर बैठ गया था — कहीं अगली बार उसकी जॉब न चली जाए? लेकिन बात सिर्फ़ इतनी नहीं थी। उसका मन रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था — बार-बार मीटिंग्स याद आना, अधूरे ईमेल्स के बारे में सोचते रहना, और छोटी-छोटी गलतिएं भी दिमाग में दोहराना; जिसकी वजह से कोई उससे पूछताछ कर सकता है।
उस रात उसके मन में जैसे तूफ़ान चल रहा था🌪️।
हर रात वो कुछ नया ट्राई करता — किसी दिन व्हाइट-नॉइज़ वाली ऐप, फिर कुछ ही दिनों बाद महंगे अँधेरा करने वाले पर्दे लगाना। वो सोचता कि अब तो चैन से नींद आएगी… पर हर बार नाकामी ही हाथ आती। हर रात एक नया एक्सपेरिमेंट, और हर सुबह वही थकान। धीरे-धीरे उसे समझ आने लगा कि कमरे की कोई भी चीज़ उस शोर को नहीं रोक सकती जो उसके अंदर चल रहा है। क्योंकि वो बाहरी तौर पर सबकुछ ठीक करने की कोशिश कर रहा था — जैसे की नींद न आने की समस्या कोई बाहरी चीज़ हो जिसे चीज़ें बदलकर ठीक किया जा सके, जबकि असली शोर तो उसके मन में था।
आरव अपलक अपने मोबाइल को घूर रहा था। स्लीप-ट्रैकर चमक रहा था — “आप पिछले 3 घंटे से जाग रहे हैं।” जैसेकि वो उसका मज़ाक उड़ा रहा हो। झुंझलाकर उसने फोन को उल्टा करके रख दिय।
उसकी पत्नी मीरा करवट लेकर बोली, “फिर जाग रहे हो?” “हाँ… तुम सो जाओ, टेंशन मत लो,” उसने धीमे से कहा।मीरा ने सांस छोड़ते हुए कहा कि, “इतना सोचना बंद करो ना।”
आरव धीरे से बुझे मन से मुस्कुराया। सोचना बंद कर दूँ? ये तो ऐसे हुआ जैसे बारिश से कहना — कि गिरना बंद कर दो। वो फिर करवट बदलकर लेट गया। आँखें खुली हुईं… पंखे को देखता हुआ, जो घूमता जा रहा था — बिल्कुल उसकी ज़िंदगी की तरह।
सुबह तक आरव का हुलिया बिगड़ा हुआ था। सिर भारी, बुझा हुआ चेहरा, लाल आँखें, और थका मांदा शरीर। वो अपने लिए कॉफी बना रहा था और मीरा उसका टिफ़िन पैक कर रही थी।मीरा ने पूछा, “फिर से नहीं सोए, है ना?”आरव ने चुपचाप सिर हिला दिया।मीरा ने धीरे से कहा, “ऐसे कैसे चलेगा?”
आरव कहना चाहता था — मैं सबकुछ ट्राई कर रहा हूँ — पर उसे यह बात कहना भी सही नहीं लगा।
ऑफिस पहुँचते ही किसी साथी ने हँसते हुए कहा, “भाई, फिर से ज़ॉम्बी मोड में?”
आरव भी मुस्कुरा दिया… जैसे सब नॉर्मल हो।
उस रात फिर वही कोशिशें — हल्का म्यूज़िक सुनना, गरम दूध पीने से लेकर भारी कंबल ओढ़ना, उल्टी गिनती गिनना… सब कुछ। पर वो नींद को शरीर की प्रॉब्लम समझकर ठीक करना चाहता था, ये जाने बिना कि असली समस्या तो उसके मन में थी, जो मन रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी।
और कभी जब नींद आती भी, तो सपने परेशान कर देते — प्रेज़ेंटेशन गलत होना, बॉस का गुस्से वाला चेहरा, हॉर्न की आवाज़ें… और वो धड़कते हुए दिल के साथ उठ जाता, पहले से भी ज़्यादा थका हुआ।
अब तो उसे याद ही नहीं था कि अच्छी और भरपूर नींद कैसी होती है। अब वो छोटी-छोटी बातें भूलने लगा जैसेकि — पर्स कहाँ रखा है, किसको कॉल बैक करना था, और सुबह नाश्ते में क्या खाया था।
एक बार तो उसने गाड़ी की हेडलाइट्स पूरी रात ऑन छोड़ दीं। दूसरी बार गलती से जरूरी फाइल की जगह ईमेल का ड्राफ्ट ही भेज दिया।
अब ये इनसोम्निया सिर्फ उसकी नींद ही नहीं छीन रहा था — बल्कि उसकी शांति भी जा रही थी।
वो रात के 1 बजे फोन को अपने पास रखकर कभी न्यूज़ स्क्रॉल करता, नींद लाने वाले गानों की प्लेलिस्ट सुनता, या फिर “ओवरथिंकिंग रोकने के 5 तरीके” देखता … सब कुछ ट्राय करता।
कभी 3 बजे उठकर ऑफिस के ईमेल भी चेक कर लेता — कहीं कुछ मिस न हो जाए।
उसका माइंड इतना ज्यादा अशांत और भागता रहता था — जैसे बिना तेल के इंजन चलता रहता हो।
अब वो लोगों से बचने लगा। ऑफिस में कॉफी ब्रेक दोस्तो के साथ नहीं, बल्कि अकेले में टहलते हुए होते। मीरा ने भी पूछना छोड़ दिया कि वो सोया या नहीं — क्योंकि इसका जवाब उसे पहले से पता होता था।
एक शाम, उसकी गाड़ी ट्रैफिक में फँसी हुई थी। ट्रैफिक इतना कि हिलने का नाम नहीं। तभी उसकी नज़र एक डिजिटल बोर्ड पर पड़ी:
आरव को हँसी आ गई। 15 मिनट में शांति? मुझे तो 15 घंटे… 15 हफ्तों में भी शांति नहीं मिलती। ट्रैफिक अभी भी बहुत देर से रुका हुआ था, तो उसने सोचा, चलो देखते हैं। फिर उसने क्यू आर (QR Code) कोड स्कैन किया।
“अपने मन का मालिक…” आरव ने मन-ही-मन दोहराया। ये लाइन सुनकर वो थोड़ा हिल गया। क्योंकि आज तक उसका मन ही उसे चलाता रहा था — एक टेंशन से दूसरी टेंशन की तरफ भगाता हुआ। लेकिन जैसे-जैसे वो सुनता गया:
अगले कुछ पलों के लिए बाहर का शोर तो नहीं रुका — हॉर्न बजाती हुई गाड़ियाँ, चमकती हुई लाइटें सब कुछ वैसा ही था। पर कुछ सेकंड के लिए उसके अंदर का शोर जरूर रुक गया था। मेडिटेशन खत्म हुआ तो भीतर छोटी-सी शांति महसूस हुई जो ज्यादा देर नहीं टिक पाई, पर उसका असर रह गया — जैसे बारिश के बाद हवा में बची हुई खुशबू।
उस रात आरव ने खुद से मेडिटेशन करने की कोशिश की।
धीरे से आँखें बंद कीं और मन ही मन में दोहराया — “मैं शांत स्वरूप हूँ… मैं शांत स्वरूप हूँ…”
लेकिन कुछ सेकंड बाद ही मन में अधूरे ईमेल, पुरानी बातें, सारे विचार आने लगे।
उसने गुस्से में तकिए को पटक दिया और बड़बड़ाया, “शांति भी मेहनत माँगती है भाई …” फिर हल्की-सी मुस्कान आई — जैसे समझ गया हो कि शांति पाने की कोशिश में भी वो एक नई टेंशन क्रिएट कर रहा है।
अगले हफ्ते हालात और खराब हो गए। एक शाम मीरा के साथ, छोटी सी बात बड़े झगड़े की वजह बन गई।
मीरा रोज़ की तरह ब्राउन ब्रेड ले आई थी — और उसे मल्टीग्रेन ब्रेड चाहिए था।
आरव गुस्से में बिफर गया और कहने लगा कि — “तुम अब बात भी नहीं समझतीं!”
उसके उन शब्दों ने माहौल को इतना भारी बना दिया था कि कुछ पल के लिए दोनों चुप रह गए।
मीरा की आँखें भर आईं, उसकी आवाज़ काँप रही थी, वो धीरे से बोली;
“आरव… ये सिर्फ़ नींद की कमी नहीं है। तुम ख़ुद को खोते जा रहे हो। तुम अब पहले जैसे नहीं रहे…”
आरव माफ़ी मांगना चाहता था, पर अपराध-बोध के चलते शब्द निकल ही नहीं पाए। उस रात वो बालकनी में बैठा रहा, शहर की रोशनी को और खुद को जागते हुए देखता रहा।
पहली बार उसने स्वयं से फुसफुसाकर कहा — “मुझे मदद चाहिए।”
नींद तो अभी भी कोसों दूर थी, पर उसने मेडिटेशन वाली आवाज़ को ऑनलाइन ढूँढना शुरू किया।
उसे पता चला कि उसके घर के पास एक छोटा-सा मेडिटेशन सेंटर है। रविवार शाम को वो वहाँ चला गया। दरवाज़े पर सेंटर की बहन मिली। जिनका व्यक्तित्व बहुत शांत था — जैसे सब कुछ ठहरा हुआ हो।
पत्नी मीरा की आवाज़ उसके मन में गूँज रही थी — “तुम ख़ुद को खोते जा रहे हो… तुम पहले जैसे नहीं रहे…”
मन ही मन उलझा हुआ आरव भारी मन के साथ बैठ गया।
धीरे से बोला,“मैंने वो ऑनलाइन सेशन किया था। थोड़ी देर काम किया… लेकिन फिर मैं फेल हो गया। मेरे विचार रुकते ही नहीं। जितना शांत करने की कोशिश करता हूँ, उतनी तेजी से चलते हैं।”
बहन धीरे से मुस्कुराईं और बोलीं “अच्छा है। आखिर तुम उनसे (अपने विचारों) मिल तो रहे हो।”
आरव हैरान होकर बोला, “अच्छा? मैं तो ठीक से सो भी नहीं पाता।”
वो हल्के से हँसीं, “क्योंकि अब तुम अपने विचारों को देख पा रहे हो। ज़्यादातर लोग तो उन्हीं में खोए रहते हैं, उन्हें पता भी नहीं चलता कि उनका मन उन्हें भगा रहा है।”
उनका स्वर थोड़ा ठहरा हुआ और स्पष्ट था — “आरव, मन तुम्हारा दुश्मन नहीं — ये बस एक साधन है। तुम आत्मा हो, अपने मन के मालिक। मुश्किल बस इतनी है कि तुम भूल गए हो — आत्मा के पास मन को संभालने और चलाने की शक्ति होती है। जब तुम खुद को आत्मा समझते हो — एक शांत, प्रकाश से भरपूर शक्ति … तब मन धीरे-धीरे तुम्हारी सुनने लगता है।”
“इसे ऐसे समझो — जब एक राजा अपना राजपाट भूल जाए और सिंहासन छोड़ दे, तो राज्य में अव्यवस्था शुरू हो जाती है। मंत्री अपनी-अपनी मनमानी करने लगते हैं — कोई आराम करते हैं, तो कोई राज्य पाने की होड़ में लग जाते हैं, कोई आपस में लड़ने लगते हैं। धीरे-धीरे पूरा सिस्टम बिगड़ जाता है। लेकिन जैसे ही राजा वापस अपने सिंहासन पर बैठता है… तो जानते हो क्या होता है? सब कुछ फिर से ठीक होने लगता है।”
आरव ध्यान से उनकी ये गहरी बातें सुन रहा था।
उन्होंने पूछा कि, “दिन भर तुम अपने मन को कौन सी खुराक देते हो? भागदौड़, टेंशन, दूसरों से तुलना करना आदि … और रात में ये उम्मीद करते हो कि मन शांति से सो जाए। लेकिन वो बिना शांति के कैसे सोएगा?” “सोने से पहले उसे भी शांति चाहिए — उसे “बस यही याद दिलाना है — तुम वास्तव में कौन हो, और तुम्हें यह शक्ति कहाँ से मिलती है। जब आत्मा परमशक्ति, शांति के सागर परमात्मा से जुड़ जाती है, तो मन भटकना छोड़ देता है। और तभी सच्ची शांति, सुकून मिलना शुरू होता है।”
वह सब कुछ तो नहीं समझ पाया, लेकिन राजा की कहानी वाली बात उसके मन में घर कर गई। उसे लगा जैसे उसकी हर रात एक ही कहानी दोहरा रही हो — जैसे राजा बार-बार सोचता रहे, “आख़िर मेरे राज्य में इतनी अव्यवस्था क्यों हो रही है?”
वो सोचने लगा, “क्या मेरा मन भी तो यही नहीं कर रहा? मेरे मन और बुद्धि — जैसे बिना राजा के मंत्रीगण अपनी-अपनी मनमानी कर रहे हों, अव्यवस्था फैला रहे हों। और मैं, राजा होकर, बस चुप खड़ा देखता रहता हूँ — थका हुआ, दिशाहीन।
उस राजा को उम्मीद थी कि राज्य के मंत्री अपने कर्तव्यों को याद करेंगे और सब कुछ फिर से ठीक हो जाएगा। लेकिन जब तक वह स्वयं सिंहासन पर नहीं बैठा, न देखभाल की, न मार्गदर्शन दिया — राज्य और अधिक अव्यवस्थित होता गया।
और उसी क्षण, सब कुछ उसके लिए स्पष्ट हो गया।”
कई महीनों बाद, पहली बार आरव को एहसास हुआ — वह सच में वही अनुपस्थित राजा था। और यह समझते ही उसे लगा जैसे किसी ने उसके हाथों में उसके अपने राज्य की चाबी फिर से सौंप दी हो।
उस रात उसने कुछ नया करने की सोची।
रात के खाने के बाद मीरा ने देखा कि वो पुरानी डायरी लेकर बैठा है।
मीरा ने पूछा, “क्या लिख रहे हो?”
आरव मुस्कान के साथ बोला, “बस… अपना खोया हुआ सिंहासन वापस लेने की कोशिश कर रहा हूँ। देख रहा हूँ आज मेरे राज्य ने कैसे व्यवहार किया।”
मीरा पूरी तरह समझ नहीं पाई कि वो क्या कहना चाहता है।
आरव ने धीरे-धीरे लिखना शुरू किया —
“आज मुझे गुस्सा आया। मैं बहुत थका हुआ महसूस कर रहा हूँ। मेरा मन शोर से भरा हुआ एक कमरा लग रहा है। मुझे शांति ढूंडनी पड़ेगी।”
उसने डायरी बंद की। अजीब-सा हल्कापन महसूस हो रहा था। फिर उसने फोन को अपने से दूर रख दिया। आँखें बंद करके चुपचाप बैठ गया, फिर उसे वो आवाज़ सुनाई दी —
उसने स्वयं को अपने मस्तक के बीच प्रकाश का अनुभव किया — शांत, रोशनी से भरपूर चमकता हुआ सितारा। धीरे से मन ही मन कहा, “मैं शांत स्वरूप हूँ।”
कई महीनों बाद, वो नींद के पीछे नहीं भागा। वो बस बैठा रहा — याद करते हुए।रात 11:30 बजे उसने ऊपर देखा और हल्के से कहा, “गुडनाइट।”
आँखें खोलीं… तो सुबह थी। उस रात आराम की नींद आई।
ऐसे ही कुछ रातें वो भी करवटें बदलता रहा। लेकिन घबराने की बजाय, वो चुपचाप डायरी का एक पेज पलट देता — अब उसके अंदर का राजा शांत था, अपने बेचैन मन को ऐसे देख रहा था जैसे लहरें शांत होने से पहले उठती हैं।
उसने एक आसान सा नियम अपनाया — “हर रात, वो अपने दिन की चेकिंग करता, लेकिन खुद को दोष देने के लिए नहीं, बल्कि अपने मन को साफ़ और हल्का करने के लिए। वो अपनी गलतियों को लिखता, और उनसे जुड़े बोझ को छोड़ने की कोशिश करता।
फिर आँखें बंद करके खुद को एक शांत, दिव्य आत्मा के रूप में अनुभव करता। धीरे-धीरे उसके भीतर शांति की तरंगें फ़ैलने लगातीं और उसकी सांसें धीमी होती जातीं।
कुछ रात, बिना वजह उसकी आंखों में आँसू भी आते। पर उसने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। सालों बाद वो सच में महसूस कर रहा था — अब वो अपने दर्द को दबा नहीं रहा था।
कुछ ही हफ्तों में उसकी नींद गहरी होने लगी। अब वो घबराकर नहीं, बल्कि तरोताज़ा होकर उठने लगा। उसके सपने भी बदलने लगे — बेचैनी भरे नहीं, बल्कि शांति से भरपूर।
आरव ने हर रात के लिए छोटा सा नियम बना लिया — दिमाग से नहीं, दिल से:
रात 10 बजे डिजिटल दुनिया से ऑफ हो जाना — लैपटॉप बंद, फोन को दूर रखना
दिनभर की अपनी फीलिंग्स को डायरी में लिखता — क्या हुआ, कैसा महसूस हुआ, नया क्या सीखा आदि।
5 मिनट के लिए शांति का अभ्यास करना — ये याद करना: मैं एक आत्मा हूँ। परमात्मा मेरी शक्तियों के स्रोत हैं।
सोने से पहले एफरमेशन करना — “सच्चा तकिया तो मेरे मन की शांति है।”
ये बदलाव बहुत चुपचाप आया — जैसे सुबह की रोशनी धीरे-धीरे रात को हटाती है। सबसे पहले इसे मीरा ने महसूस किया।
“तुम पहले से ज़्यादा शांत लग रहे हो,” उसने धीमे से कहा।
आरव मंद मंद मुस्कुराया। “शायद इसलिए… कि अंदर वाला राजा अपनी जगह वापस आ गया था।”
मीरा पूरी तरह समझ नहीं पाई कि वो क्या कहना चाहता था। आरव बस मुस्कुराया और चुप रहा — उसने समझ लिया था कि कुछ बातें बताई नहीं जातीं, महसूस की जाती हैं।
हर रात, लाइट बंद करने से पहले, आरव धीरे से वही शब्द दोहराता जो कभी उसे अंधेरे से निकाल लाए थे
उसने सीख लिया था कि सच्चे आराम की शुरुआत शरीर को लिटाने से नहीं होती… बल्कि ये तब होता है, जब आत्मा अपने सिंहासन पर वापस बैठ जाती है।
थोड़ा ठहरिए... और अपने आप से पूछिए —
इस कहानी से आपने क्या अपने साथ लेना चाहेंगे?
✅ आपकी आत्मचिंतन की बातें आपके हृदय में सहेज ली गई हैं। 💫
Note: This story is purely fictional and meant to convey a moral lesson. The characters and events are not based on real people or incidents. We hope it brings a thoughtful perspective and adds a bit of inspiration to your life.