आबू रोड, 15 सितंबर 2025।
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के राजनीतिज्ञ सेवा प्रभाग द्वारा आनंद सरोवर में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय राजनीतिज्ञ सम्मेलन का समापन हुआ। सम्मेलन का मुख्य विषय रहा – समाज में नैतिकता और आध्यात्मिकता: एक स्वर्णिम युग की ओर। इस अवसर पर देशभर से एक हज़ार से अधिक जनप्रतिनिधि और नेता सम्मिलित हुए।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि जनता को केवल वोट डालने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समय-समय पर अपने प्रतिनिधियों से काम का हिसाब भी मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में सेवा भाव ही जनकल्याण और सच्चे नेतृत्व का आधार है।
राजस्थान सरकार के राज्यमंत्री श्री ओटाराम देवासी ने कहा कि नेताओं की छवि ऐसी होनी चाहिए कि जनता गर्व से कहे नेता हो तो ऐसा। उन्होंने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाने पर बल दिया।
मुख्य वक्ता एवं प्रभाग की राष्ट्रीय समन्वयक राजयोगिनी बीके उषा दीदी ने कहा कि श्रेष्ठ नेतृत्व के लिए सबसे पहले मन और बुद्धि पर नियंत्रण आवश्यक है। राजयोग से आत्मशक्ति का विकास होता है, जो सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में मार्गदर्शन करता है।
इस अवसर पर सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक समाराम गरासिया, विधायक भैरोंसिंह परिहार, विधायक महेंद्र राम सिंह यादव, पूर्व विधायक नारायण दत्त शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
प्रभाग की उपाध्यक्ष बीके लक्ष्मी दीदी, ओआरसी गुरुग्राम की निदेशिका बीके आशा दीदी, पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राजू पाठक ने भी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का संचालन बीके सपना दीदी ने किया। समापन सत्र में बीके कृष्णा भाई और कुमारी खुशी विश्वकर्मा ने गीत प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया।





























