गुजरात के वडोदरा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के नवनिर्मित ग्लोबल स्पिरिचुअल पैलेस रिट्रीट सेंटर में एक विशेष आध्यात्मिक समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने विश्व नवनिर्माण हेतु आध्यात्मिक जागरण अभियान का शुभारंभ किया तथा ग्लोबल स्पिरिचुअल पैलेस रिट्रीट सेंटर का लोकार्पण किया।
समारोह में स्वागत नृत्य की प्रस्तुति के बाद राष्ट्रपति जी ने मंच पर प्रस्तुत कुमारियों को अपने पास बुलाकर उनसे आत्मीयता से मुलाकात की और स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। उनका यह सहज एवं आत्मीय व्यवहार समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा समाज में किए जा रहे आध्यात्मिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि
उन्होंने एक ऐसे विश्व की कामना व्यक्त की, जहां शांति, प्रेम, परिवारों में सुख, समाज में सहयोग तथा प्रत्येक मनुष्य को सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन जीने का अवसर मिले। उन्होंने सभी से आध्यात्मिक जागृति की ओर बढ़कर शांत, सुखी, पवित्र एवं श्रेष्ठ विश्व के नवनिर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी तथा गुजरात सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रोटोकॉल मंत्री श्री प्रफुल पंसेरिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारीज गुजरात की निदेशिका राजयोगिनी बी.के. भारती दीदी, मुख्यालय शांतिवन से गीता ज्ञान विदुषी एवं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. उषा दीदी, अलकापुरी सबजोन प्रभारी बी.के. डॉ. निरंजना दीदी, बी.के. नाथमल भाई, बी.के. लीना दीदी सहित अनेक वरिष्ठ भाई-बहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति जी को ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से विश्व नवनिर्माण हेतु आध्यात्मिक जागरण अभियान के अंतर्गत देश-विदेश में होने वाली भावी सेवाओं एवं आध्यात्मिक जागरण के प्रयासों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रपति जी ने वृक्षारोपण किया और मेडिटेशन रूम में कुछ क्षण ध्यान का अनुभव भी किया। समारोह के अंत में यह संकल्प व्यक्त किया गया कि ग्लोबल स्पिरिचुअल पैलेस केवल एक भवन नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, राजयोग, मूल्य-आधारित जीवन और सकारात्मक चिंतन के अनुभव का केंद्र बनेगा।





























