16–18 जून 2026, ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ORC), दिल्ली-एनसीआर
ओम शांति रिट्रीट सेंटर में बच्चों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का भव्य समापन हुआ। “Choose Right, Live Right” विषय पर आधारित इस शिविर में 500 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि भारतीय कॉर्पोरेट मामलों के संस्थान (IICA) के महानिदेशक एवं CEO ज्ञानेश्वर कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए आध्यात्मिक जागृति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रयासों की सराहना की तथा अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों के ऑलराउंड डेवलपमेंट के लिए सही निर्णय लिया है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट रखना चाहिए और उसी पर एकाग्रता के साथ आगे बढ़ना चाहिए, जिससे उनकी कंसंट्रेशन और आत्मविश्वास दोनों मजबूत होंगे।
ओआरसी की निदेशिका बी के आशा दीदी ने अपने आशीर्वचनों में बच्चों को सदैव सत्य के मार्ग पर चलने और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी के मंजू ने भी बच्चों को जीवन में सकारात्मक दिशा अपनाने हेतु प्रेरित किया।
तीन दिनों तक बच्चों को रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों से जोड़ा गया। विशेषज्ञों द्वारा डिजिटल वेलनेस सत्र के माध्यम से डिजिटल युग में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। साथ ही खेल-खेल में सकारात्मक चिंतन, आध्यात्मिकता और बेहतर जीवन शैली की महत्वपूर्ण बारीकियाँ सिखाई गईं।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन बी के ईशु द्वारा किया गया। वहीं बी के रेखा एवं बी के निकिता ने शिविर के सफल संयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने यह भी अनुभव साझा किया कि जैसे-जैसे वे मन को एकाग्र करते हैं और परमात्मा से अपना संबंध जोड़ते हैं, उनके भीतर अच्छाई और आत्मिक शक्तियाँ विकसित होती हैं, जिससे उनका आत्म-सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ता है।
यह तीन दिवसीय शिविर बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक, मूल्य-आधारित और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध अनुभव के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।































