
राखी का महत्व
रक्षा बंधन एक महत्वपूर्ण भारतीय त्यौहार है जो भाई-बहन के अटूट प्रेम और आत्मिक संबंध को दर्शाता है। तिलक, मिठाई और राखी के आध्यात्मिक रहस्यों को जानें, जो हमें पवित्रता और सच्चाई का महत्व सिखाते हैं। परमात्मा शिव की शिक्षाओं
हर साल 21 सितंबर को पूरी दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस मनाया जाता है। कहीं कॉन्फ़्रेंस होती हैं, कहीं पर लोग शांति मार्च निकालते हैं, कहीं पर शांति के चिन्ह के रूप में आकाश में कबूतर छोड़े जाते हैं और कहीं कुछ लोग कामना करते हैं कि दुनिया में शांति बनी रहे और सब व्यवस्थित चले। लेकिन इन सब कोशिशों के बावजूद भी, आज इंसान पहले से ज़्यादा बेचैन, अशांत नज़र आता है। जगह-जगह पर युद्ध भले ही कम हों, लेकिन हर इंसान के मन में टेंशन, चिंता, तनाव, प्रतिस्पर्धा और असंतोष जैसे कई बड़े युद्ध चल रहे हैं।
आज आप किसी से भी पूछें कि— आप इतनी भाग-दौड़ क्यों कर रहे हो? नई-नई चीज़ें क्यों खरीदते हो? घूमने-फिरने की इतनी प्लानिंग क्यों करते हो? आपको आख़िर में बस यही जवाब मिलेगा: मुझे बस शांति चाहिए। लेकिन सच कहें तो शॉपिंग करना, मूवी देखना या छुट्टियाँ मनाने जाने पर थोड़ी देर का मज़ा तो आता है, पर मन को असली शांति फिर भी नहीं महसूस होती। लोग ढेर सारा पैसा खर्च करने के बाद, लौटने पर फिर वही खालीपन महसूस करते हैं। तो सवाल यह है—
असल में शांति है क्या? और ये कहाँ से और कैसे मिलती है?
अगर हम कुछ समय के लिए अपने मन के अंदर झाँकें तो समझ पाएंगे कि शांति न तो खरीदी जा सकती है, न ही कहीं बाहर से उधार ली जा सकती है। क्योंकि असली शांति बाहर मिलने वाली कोई वस्तु नहीं है, बल्कि हमारी स्वयं की स्वाभाविक अवस्था और आत्मा का गुण है।वास्तविकता यही है कि:
“मैं एक आत्मा हूँ, कोई शरीर नहीं और मेरा मूल स्वभाव ही शांति है।”
जैसे “शरीर के लिए सांस लेना स्वाभाविक है, वैसे ही आत्मा के लिए शांति का गुण स्वाभाविक है।”
ये सोच हमारा दृष्टिकोण ही बदल देती है। तो अगर शांति पहले से ही मेरे अंदर मौजूद है, तो उसे बाहर लोगों के संग से, वस्तुओं में या फिर जगहों पर ढूँढना बिल्कुल वैसा ही है जैसे एक रानी अपना कीमती हार खोया हुआ समझकर हर जगह खोजती रहती थी—जबकि वो हार शुरू से ही उसके गले में पड़ा हुआ था।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इंसान वही चीज़ ढूंढता है, जो कभी उसकी थी, लेकिन आज नहीं है और कहीं खो गई है। शांति भी हमारी वही भूली हुई विरासत है जिसमें हम जीते थे, लेकिन धीरे-धीरे समय के साथ वो कहीं खो सी गई। इसी कारण आज हर आत्मा उसे फिर से पाने की चाह रखती है।
असल में शांति का अर्थ सिर्फ़ बाहर का सन्नाटा नहीं है। सच्ची शांति है हमारे भीतर का मौन। क्योंकि बाहर का वातावरण शांत हो सकता है, लेकिन मन के अंदर कई तरह का शोर चलता रहता है—कभी योजनाओं का, कभी किसी की यादों का, तो कभी अतीत और भविष्य की चिंताओं का। सच्ची शांति हमें तभी मिलती है जब ये अनावश्यक सोचें रुक जाएं। और इस शांतिपूर्ण अवस्था में न तो मन में कोई संघर्ष होता है, और न ही कोई शोर—बस आत्मा हल्का महसूस करती है।
पवित्रता और शांति का बहुत गहरा रिश्ता है। जहाँ पवित्रता होती है, वहाँ शांति और खुशी स्वयं ही महसूस होती है। अगर हमारे विचार, बोल और कर्म पवित्र नहीं हैं, तो शांति को अनुभव करना सिर्फ़ एक स्वप्न मात्र है।
पवित्रता का अर्थ सिर्फ़ बाहरी नियम या अनुशासन नहीं है, बल्कि यह भी हमारा आंतरिक गुण है। पवित्रता का अर्थ है—विचारों की शुद्धता, ईमानदारी और पारदर्शिता। जब आत्मा पवित्र होती है, तो मन को हल्कापन और स्वतंत्रता महसूस होती है। लेकिन जब उसमें अहंकार, अपेक्षाएं या स्वार्थ मिल जाता है, तो मन के अंदर हलचल शुरू हो जाती है, नकारात्मकता आ जाती है।
इसको एक लाइव एग्जांपल से समझ सकते हैं…
आपने ऑफिस में अपने किसी सहकर्मी की मदद की। लेकिन अगर इसके पीछे आपकी मंशा सिर्फ़ तारीफ़ पाने की थी, तो अंदर हल्की-सी बेचैनी बनी रहेगी। ऐसे में, अगर तारीफ़ नहीं मिली तो मन उदास हो जाएगा, और अगर तारीफ़ मिल भी जाए तो वो शांति व हल्कापन थोड़ी देर के लिए महसूस होगा—क्योंकि वो दूसरों पर निर्भर करता है।
लेकिन जब मदद करने के पीछे निस्वार्थ भाव, पारदर्शिता और कोई अपेक्षा नहीं होती तब उसका प्रभाव अलग ही होता है। चाहे कोई तारीफ़ करे या न करे, आपका मन हल्का और शांत रहेगा। क्योंकि तब आपकी शांति किसी और के ऊपर निर्भर नहीं होती, बल्कि वो आपके अंदर से आती है। यही बताता है कि असली शांति बाहर से नहीं आती, वो तो आत्मा की अपनी क्वॉलिटी है।
और उसके लिए सबसे ज़रूरी है विचारों की पवित्रता। क्योंकि बिना पवित्रता के, चाहे कितने भी तरीक़े आज़मा लिए जाएं, सदा शांति की अनुभूति महसूस नहीं हो सकती।
राजयोग है याद की शक्ति—जहाँ मैं आत्मा, अपने संकल्पों द्वारा परमात्मा से जुड़ती हूँ। और उस जुड़ाव में उनके शांति, प्रेम और शक्ति के वाइब्रेशन मुझ आत्मा तक पहुँचते हैं।
जैसे एक बुझती हुई मोमबत्ती दूसरी मोमबत्ती की तेज़ लौ से फिर जल उठती है, वैसे ही आत्मा की धीमी ज्योति भी परमात्मा से जुड़कर और तेज़ हो जाती है। आइए इसको एक उदाहरण से समझते हैं: मान लें घर में कोई ग़ुस्से में बोलता है। और अगर मैं तुरंत रिएक्ट करने के बजाय अपनी आत्मिक स्थिति में टिककर, परमात्मा से जुड़कर उन्हें शांति के वाइब्रेशन भेजूँ, तो बिना कुछ कहे माहौल अपने-आप बदलने लगता है—और सबसे बड़ी बात, मेरा अपना मन भी हल्का और शांत हो जाता है। जितना ज़्यादा हम ये अभ्यास करते हैं, उतनी ही शांति नैचुरल लगने लगती है—ये कोई क्षणभर का अनुभव नहीं रहता, बल्कि जीवन जीने का तरीका बन जाता है। इसलिए, राजयोग मुझे न केवल शांति में रहने की विधि देता है, बल्कि वह शक्ति भी देता है जिससे मैं अपने कार्यों, संबंधों और चुनौतियों के बीच भी शांत रह सकूँ। राजयोग एक प्रैक्टिकल टूल है, जो हमें हर परिस्थिति और चुनौतियों के बीच भी दैनिक जीवन में शांति बनाए रखने की कला सिखाता है।
शांति के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा रिश्तों और व्यक्तियों से जुड़ी होती है। अक्सर हम लोगों के व्यवहार से परेशान होते हैं—परन्तु वे हमें जानबूझकर परेशान नहीं करते, बल्कि वे स्वयं ही अपने संस्कारों और आदतों से मजबूर होते हैं।
हर आत्मा ने कई जन्मों की लंबी यात्रा की है, जिसमें उन्होंने अलग-अलग अनुभव और आदतें बनाई हैं। इसलिए, जब कोई नेगेटिव व्यवहार करता है, तो ज़रूरी नहीं कि वो “गलत” है—वो बस अपने दृष्टिकोण और संस्कार के अनुसार व्यवहार कर रहा है।
अगर हम ये याद रखें कि सामने वाला व्यक्ति भी एक आत्मा है, जिसके अपने दर्द और अनुभव हैं, और ये मेरे बारे में बिल्कुल भी नहीं है—तो हमारा डिस्टर्ब मन अपने-आप शांत हो जाता है। हम उनके संस्कार पर रिएक्ट करने के बजाय अपनी आत्मिकता से जुड़े रहते हैं।
सोचें कि, आपके ऑफिस में कोई सहकर्मी आप पर गुस्सा करता है। ऐसे में अक्सर आप भी पलटकर जवाब दे देते हैं, और बहस शुरू हो जाती है। लेकिन अगर आप एक पल रुककर उस व्यक्ति की सत्यता; आत्मा को अनुभव करें और फिर धैर्यता से जवाब दें, तो उनके ग़ुस्से की अग्नि आपकी शांति की ठंडक से शांत हो जाती है। इससे न सिर्फ़ आप हल्का महसूस करते हैं, बल्कि आप दोनों का रिश्ता भी सँवर सकता है।
शांति को हर दिन पोषित करना जरूरी है। जैसे शरीर को रोज़ भोजन की आवश्यकता होती है, वैसे ही हमारे मन को भी रोज़ शांति और आध्यात्मिक अवेयरनेस की खुराक चाहिए होती है। जिसे पाने के कुछ आसान तरीके हैं:
सुबह उठते ही फ़ोन यूज करने से पहले 5 मिनट के लिए शांति में बैठकर स्वयं से कहें—मैं आत्मा हूँ, मेरा मूल स्वभाव शांति है। परमपिता परमात्मा; शांति के सागर, मेरे साथ हैं।
दिनभर में हर घंटे बस 1 मिनट के लिए कार्य से ध्यान हटाकर अपने भीतर से जुड़ें। ये छोटा सा अभ्यास आपके मन में शांति को एक हार्टबीट की तरह ज़िंदा रखता है।
सोने से पहले डायरी में लिखें—आज कौन से विचार व्यर्थ और कौन से सकारात्मक व श्रेष्ठ थे? इससे मन हल्का हो जाता है और आत्मा गहरी नींद और शांति का अनुभव करती है।
आज दुनिया में शांति लाने के लिए न तो सिर्फ़ नीतियों की ज़रूरत है और न ही धरनों-प्रदर्शनों की। असली ज़रूरत है शांत स्वभाव वाले लोगों की। क्योंकि एक शांत स्वभाव वाली आत्मा अपने आसपास शांति के वाइब्रेशन से सबको भरपूर कर देती है। ये वैसा ही है जैसे एक दीपक हज़ारों दीपकों को रोशन कर सकता है, वैसे ही एक शांत मन अनगिनत आत्माओं को शांति के वाइब्रेशन रेडिएट कर सकती है।
इसीलिए शांति सिर्फ़ हमारी व्यक्तिगत ज़रूरत नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया की ज़रूरत है। जब हम अपने सत्य स्वरूप में टिक जाते हैं, तो हम दुनिया में शांति फैलाने वाले शांति दूत बन जाते हैं।
इसके पीछे का आसान सीक्रेट है:
आइए, इस अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर सिर्फ़ एक दिया न जलाएं—बल्कि अपने अंदर की शांति को फिर से जगाएं। क्योंकि जब कुछ लोग अपनी मूल शांति की अवस्था में स्थित होते हैं, तो उनके शांति के वाइब्रेशन दूर-दूर तक फैलते हैं, जो इस संसार को बदलने लगते हैं और एक शांति, सुखमय संसार का सपना फिर से सच होने लगता है।
बेहतर अनुभव के लिए कृपया हेडफ़ोन का इस्तेमाल करें।
इसी ब्लॉग को इंग्लिश में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें:
International Day of Peace: Rediscovering the Silent Power Within

रक्षा बंधन एक महत्वपूर्ण भारतीय त्यौहार है जो भाई-बहन के अटूट प्रेम और आत्मिक संबंध को दर्शाता है। तिलक, मिठाई और राखी के आध्यात्मिक रहस्यों को जानें, जो हमें पवित्रता और सच्चाई का महत्व सिखाते हैं। परमात्मा शिव की शिक्षाओं

Raksha Bandhan is more than sibling love — it’s a vow of purity, peace, and divine protection that strengthens the soul.

We are just stepping out of the month which is of a great importance and pride for all of us, primarily because of the Independence Day being celebrated in the mid of the month. It is that time of the

रक्षा बंधन भाई-बहन के रिश्ते का एक अनूठा त्यौहार है, जो ईश्वरीय और धार्मिक महत्व को दर्शाता है। यह त्यौहार न केवल पवित्रता की रक्षा करता है, बल्कि सांसारिक आपदाओं से भी बचाव करता है। जानें, कैसे भगवान ही हमारी

रक्षाबंधन सिर्फ रिश्तों का नहीं, आत्मा और परमात्मा के पवित्र बंधन का उत्सव है — जो सुरक्षा, शांति और पवित्रता देता है।

रक्षा बंधन का पर्व सिर्फ भाई-बहन के रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक पवित्र और आध्यात्मिक पर्व है। इस पर्व के गहरे आध्यात्मिक रहस्यों को जानें और समाज में पवित्रता और मानवता की पुनर्स्थापना करें।

रक्षा बंधन एक पवित्र पर्व है जो भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम और आत्मिक संबंध को दर्शाता है। कलियुग की विपरीत परिस्थितियों में, यह पर्व हमें आत्मिक ज्ञान से जोड़कर सच्चे भाईचारे की भावना को जागृत करता है। अपने प्रियजनों