दीपावली यानी रोशनी का त्योहार। इस समय घरों में रंगाई पुताई की खुशबू होती है, बालकनी में दीपक जगमगाते हैं और हर तरफ एक अलग ही रौनक दिखाई देती है। लेकिन दीपावली का आध्यात्मिक महत्व हमें बाहरी रोशनी के साथ-साथ अपने भीतर भी प्रकाश जगाने की प्रेरणा देता है। तो इस वर्ष क्यों न हम घरों और कार्यस्थलों पर दीपक जलाने के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान से अपने मन को भी सकारात्मक विचारों से रोशन करें? जब पुरानी आदतों और चिंताओं का अंधकार मिटता है और मन में नई समझ का प्रकाश आता है, तब दीपावली का उत्सव त्योहार के दिनों के बाद भी हमारे जीवन में बना रहता है।
दीपावली की हर परंपरा — चाहे घर की सफाई हो या दीपक जलाना — आत्मा की यात्रा से जुड़ा एक गहरा आध्यात्मिक संदेश देती है। आइए, इन सभी परंपराओं के पीछे छिपे रहस्य को समझें और नए नज़रिए के साथ नए वर्ष की शुरुआत करें।

इस दीपावली केवल दीपक न जलाएँ, स्वयं भी प्रकाशवान दीपक बनें
हम सभी को दीपक जलाना बहुत अच्छा लगता है। उसकी सुनहरी रोशनी हमेशा मन को आकर्षित करती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि एक छोटा-सा दीपक भी किसी पूरे कोने को रोशन कर सकता है? परंपरागत मान्यता है कि घर का दीपक कभी बुझना नहीं चाहिए, क्योंकि इसे अशुभ माना जाता है। आध्यात्मिक दृष्टि से दीपक आत्मा का प्रतीक है। मिट्टी का दीपक हमारे शरीर को दर्शाता है, जबकि उसमें डाला गया तेल या घी उस ज्ञान और आत्मिक शक्ति का प्रतीक है, जो हमें परम ज्योति परमात्मा से प्राप्त होती है। दीपक की लौ आत्मिक चेतना का प्रतीक है — यह याद रखना कि मैं एक आत्मा हूँ, शांति और शक्ति से भरपूर एक दिव्य सत्ता हूँ।
जब जीवन में तनाव, अपेक्षाओं और आपसी गलतफहमियों के तूफान आते हैं, तो हमारे भीतर की रोशनी भी धीमी पड़ने लगती है। ऐसे समय में हमें थोड़ा समय रुककर, गहरी साँस लेकर परम ज्योति से अपना संबंध जोड़ें। राजयोग मेडिटेशन अर्थात् परमात्मा की याद से हम अपनी आंतरिक शांति को फिर से पा सकते हैं, आत्मिक चेतना को मजबूत बना सकते हैं और अपने भीतर जागृति की लौ को सदा जलाए रख सकते हैं। जिस तरह एक दीपक दूसरे दीपक में ज्योति जगा सकता है, उसी तरह एक शांत आत्मा अनेक आत्माओं में शांति जगा सकती है। इसलिए आज रात दीपक जलाते समय इस विचार का अभ्यास करें:
“मैं देने वाली आत्मा हूँ, जो शांति और खुशी की किरणें फैलाती है। मैं परम ज्योति परमात्मा से जुड़ी हूँ और मेरे अंदर की रोशनी कभी बुझती नहीं है।”
जब एक दीपक जलता है, तो वह अपने आप दूसरे दीपक को भी रोशन कर देता है। यही दीपमाला का सच्चा अर्थ है — परमात्मा की याद से एक-दूसरे को जागृत करने वाली आत्माओं की श्रृंखला।
हम सच्चे अर्थ में देवी लक्ष्मी जी का आह्वान कैसे करें
लक्ष्मी पूजन का समय ऐसा होता है, जब सभी लोग एक साथ इकट्ठे होते हैं। वातावरण में अगरबत्ती की खुशबू होती है और आरती तथा घंटियों की आवाज़ के बीच कुछ पल के लिए व्यस्त से व्यस्त स्थान भी शांत और आनंदमय लगने लगता है। लेकिन श्री लक्ष्मी केवल धन-संपत्ति देने वाली देवी नहीं हैं। वे हमारे भीतर समाए दिव्य गुणों — पवित्रता, कृतज्ञता और उदारता — का प्रतीक हैं। जब हम अपने जीवन को इन गुणों के अनुसार ढालते हैं, तो ये गुण हमारे व्यवहार में दिखाई देने लगते हैं।
जहाँ मन की स्वच्छता और दिल की विशालता होती है, वहीं श्री लक्ष्मी जी की कृपा का अनुभव होता है। जब हमारे विचार पवित्र और हमारे संकल्प निस्वार्थ होते हैं, तो जीवन में शांति, प्रेम और उद्देश्य के रूप में सच्ची समृद्धि आती है। इस दीपावली घर की सफाई करते समय क्यों न हम अपने मन की भी सफाई करें? पुरानी तकलीफों, दुखद यादों और नकारात्मक आदतों को मन से निकाल दें। मन की यह सफाई केवल आध्यात्मिक विचार नहीं है, बल्कि जीवन में बहुत उपयोगी भी है। इससे मन हल्का होता है, विचारों में स्पष्टता आती है और भीतर स्थिर शांति व सच्ची खुशी का अनुभव होता है।
इसलिए जब घर में दीपक जगमगा रहे हों और घंटियों की मधुर आवाज़ सुनाई दे, तब लक्ष्मी पूजन को केवल एक पूजा-विधि तक सीमित न रखें। इसे इस बात की याद बनाएँ कि सच्ची संपत्ति उन चीज़ों में नहीं है, जिन्हें हम इकट्ठा करते हैं, बल्कि उन गुणों में है, जिन्हें हम अपने भीतर विकसित करते हैं — स्वच्छ मन, विशाल हृदय और दूसरों से लेने के बजाय देने की भावना।

स्वास्तिक केवल एक चिन्ह नहीं
दीपावली पर हममें से अधिकतर लोग लाल रंग से सुंदर स्वास्तिक बनाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी स्वास्तिक बनाते समय एक पल रुककर सोचा है कि इसका असली अर्थ क्या है?
स्वास्तिक शब्द का संबंध 'स्व-स्थिति' से है, अर्थात् अपने वास्तविक स्वरूप की पहचान कर उस में स्थिर रहना।
यह केवल शुभ भाग्य का प्रतीक नहीं है, बल्कि हमारी अपनी कहानी है — समय के चक्र में आत्मा की पूरी यात्रा, जो स्वास्तिक के आकार की तरह घूमती रहती है! हमारी यात्रा सतयुग (स्वर्णिम युग) से शुरू होती है, जहाँ हम आत्माएँ अपने पूर्ण स्वरूप में होती हैं — शांत, पवित्र और सम्पूर्ण। इसके बाद हम त्रेतायुग (रजत युग) में आते हैं। यहाँ भी आत्मा की रोशनी बनी रहती है, लेकिन धीरे-धीरे उस पर हल्की-सी छाया पड़ने लगती है। आत्मा में राजसी और दिव्य गुण होते हैं, लेकिन अपने वास्तविक स्वरूप की पहचान थोड़ी कम होने लगती है। फिर आता है द्वापरयुग (ताम्र युग)। इस समय आत्मा अपनी असली पहचान भूलने लगती है और सोचने लगती है, “मैं यह शरीर हूँ।” अहंकार और इच्छाएँ धीरे-धीरे बढ़ने लगती हैं और खुशी की तलाश शुरू हो जाती है। कलियुग (लौहा युग) में आत्मा की शक्ति बहुत कम हो जाती है। वह पूरी तरह भूल जाती है कि वह वास्तव में कौन है और ऐसी चीज़ों के पीछे भागती रहती है, जिनसे उसे कभी सच्ची संतुष्टि नहीं मिलती। इस समय आत्मा की रोशनी लगभग खो जाती है।
इसलिए अगली बार जब आप स्वास्तिक बनाएँ, तो मुस्कुराकर याद करें — आप केवल सजावट नहीं कर रहे हैं, बल्कि स्वयं को यह याद दिला रहे हैं कि सतयुग फिर से आने वाला है और इसकी शुरुआत आपसे ही होती है।

इस दीपावली आपके मीठे बोल ही बनें नई मिठाई
मिठाई के बिना कोई भी त्योहार अधूरा लगता है। लेकिन दीपावली की सबसे बड़ी मिठास मिठाइयों में नहीं, बल्कि हमारे मीठे बोल और पवित्र भावनाओं में होती है। जब हमारे बोल मधुर, प्रेमपूर्ण और सम्मान से भरे होते हैं, तो वे दूसरों के दिलों में खुशी भर देते हैं। हमारा बोला हुआ हर शब्द ऐसी तरंगें पैदा करता है, जिनका प्रभाव हमारी सोच से भी कहीं दूर तक पहुँचता है। मीठे और श्रेष्ठ बोल प्रसाद की तरह होते हैं, जो पूरे वातावरण को पवित्र बना देते हैं। जब हम आत्मिक चेतना में रहकर बोलते हैं, तो हमारे कुछ शब्द भी दूसरों के दिलों को सुकून दे सकते हैं और उनके जीवन में खुशी ला सकते हैं।
पुराने समय में लोग परमात्मा की याद में मिठाइयाँ बनाते थे और उन्हें प्रसाद के रूप में बाँटते थे। इस तरह उस भोजन में शांति और प्रेम के पवित्र भाव समाए होते थे। इस दीपावली क्यों न हम इस परंपरा को फिर से अपनाएँ? परमात्मा की याद में मिठाइयाँ बनाएँ, उन्हें सबके साथ बाँटें और हर आत्मा को इस कार्य से मिलने वाली दिव्य मिठास और खुशी का अनुभव कराएँ।

एक अनमोल उपहार...
दीपावली पर हम सभी सबसे अधिक जिस चीज़ का इंतज़ार करते हैं, वह है एक-दूसरे को उपहार देना। लेकिन कभी-कभी हमारा ध्यान उपहार के पीछे छिपी भावना के बजाय उसकी कीमत या सुंदरता पर चला जाता है। जबकि सबसे अनमोल उपहार वे हैं, जिन्हें किसी डिब्बे में पैक नहीं किया जा सकता। वे दिखाई नहीं देते, लेकिन उनका महत्व बहुत बड़ा होता है — जैसे दयालुता, क्षमा, सराहना और शुभकामनाएँ। दुनिया में हम अक्सर कहते हैं,
यह केवल एक कहावत नहीं है, बल्कि देने और लेने का सबसे श्रेष्ठ तरीका है। जब हम सच्चे दिल से किसी को शुभकामनाएँ देते हैं, मीठे बोल बोलते हैं या मुस्कुराकर मिलते हैं, तो हमारे अच्छे भाव दूसरों को खुशी देते हैं और कई गुना होकर हमारे पास भी लौटते हैं। इसलिए इस दीपावली भौतिक उपहारों के साथ-साथ अपनी हर शुभकामना, हर मुलाकात और हर व्यवहार को दुआओं के आदान-प्रदान का माध्यम बनाएँ। किसी की छोटी-सी बात की सराहना करना, दिल से माफ करना या किसी की खुशी के लिए मन ही मन शुभकामना देना — ये सबसे अनमोल उपहार हैं, जो हम किसी को दे सकते हैं। भले ही किसी का व्यवहार मुश्किल हो, फिर भी उसे सच्चे दिल से शुभकामनाएँ दें।https://www.brahmakumaris.com/wisdom/soul-sustenance/eng/give-blessings-receive-blessings

कुछ नया खरीदने से पहले, कुछ पुराना छोड़ें
नए कपड़े और घर की नई सजावट की खुशी ही कुछ अलग होती है। लेकिन क्या हमारा मन भी उतना ही नया और खुशहाल होता है, जितनी नई हमारी सजावट और कपड़े होते हैं? मन में पुरानी और तकलीफ देने वाली यादें और भावनाएँ — जैसे गुस्सा, दुख और ईर्ष्या — आज भी जमा रहती हैं, क्योंकि कभी हमने खुद से कह दिया था,
“मैं यह बात कभी नहीं भूलूँगा/भूलूँगी।”
जब हम समझ और क्षमा भाव से अपने मन की सफाई करते हैं, तो नए संस्कारों यानी अच्छी आदतों और पवित्र भावनाओं के लिए जगह बनती है। इसलिए आज जब हम पुरानी चीज़ों की जगह नई चीज़ें लाते हैं, तो क्यों न पुरानी भावनाओं की जगह करुणा और स्वीकार करने का भाव भी अपनाएँ? यही आत्मा का सच्चा नवीनीकरण है। जिस तरह हम पुराने बर्तनों को हटाकर चमकदार नए बर्तन लाते हैं, उसी तरह पुराने संस्कारों की जगह नए दिव्य संस्कार अपना सकते हैं। स्वयं से पूछें:
मुझे कौन-सी नई आदत अपनानी चाहिए?
मुझे कौन-सी पुरानी भावना छोड़नी चाहिए?
मैं अपने विचारों, बोल और कर्मों में नई ताजगी कैसे ला सकता/सकती हूँ?
जब हमारी सोच बदलती है, तो हमारी दुनिया भी बदल जाती है और एक दिव्य, स्वर्णिम दुनिया बनने लगती है।

अपनी संकल्प शक्ति बढ़ाएं
हर दिन हमारी दिनचर्या एक जैसी हो सकती है, लेकिन हमारा हर नया विचार एक नई शुरुआत ला सकता है। कुछ पल अपने भीतर की शांति से जुड़ने के लिए निकालें और रोज़मर्रा के जीवन में नई ऊर्जा, नया उद्देश्य और खुशी का अनुभव करें। इस मेडिटेशन के माध्यम से आइए, अपनी पुरानी और तकलीफ देने वाली यादों की जगह आत्मिक शक्ति और स्पष्टता को अपनाने का अभ्यास करें।
अपने भीतर नई शुरुआत करें
तिलक केवल एक परंपरा नहीं, इससे कहीं अधिक है
माथे के बीच में लगाया जाने वाला वह छोटा-सा लाल तिलक केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि एक सत्य की याद दिलाता है। यह हमें याद दिलाता है कि मैं एक आत्मा हूँ, यह शरीर नहीं। जब हम इस आत्मिक पहचान में रहते हैं, तो दूसरों को देखने का हमारा नज़रिया भी बदल जाता है। हम स्त्री-पुरुष, जाति, धर्म या समुदाय के भेदभाव से ऊपर उठने लगते हैं। हम सभी को आत्मा के रूप में देखने लगते हैं, जहाँ हर आत्मा समान और दिव्य है। इस तरह तिलक लगाने की एक छोटी-सी परंपरा हमें 'वसुधैव कुटुम्बकम्' यानी "पूरी दुनिया एक परिवार है", की भावना तक पहुँचा सकती है। क्योंकि जब मैं किसी को भी शरीर या किसी पहचान के बजाय एक आत्मा के रूप में देखता/देखती हूँ, तो मन में भेदभाव की जगह ही नहीं रहती, केवल शांति रहती है। इसी तरह दीपावली सच में पूरी दुनिया को सभी के लिए एक बेहतर और रोशन घर बना सकती है।

इस दीपावली कर्मों के पुराने खाते बंद करें
दीपावली पर व्यापारी लोग अपने नए बही-खाते शुरू करते हैं और पुराने खातों को आदरपूर्वक बंद करते हैं। यह परंपरा हमारे जीवन के अदृश्य कर्मों के खातों से बहुत सुंदर तरीके से जुड़ी हुई है। हमारा हर विचार, हर बोल और हर कर्म जीवन के इस सूक्ष्म खाते में एक नई एंट्री करता है। हम दूसरों को जैसी ऊर्जा देते हैं — चाहे प्रेम हो या क्रोध, शांति हो या दुख — वह किसी न किसी रूप में कई गुना होकर हमारे पास वापस आती है।
लेकिन हममें से अधिकतर लोग इन खातों को तभी देखते हैं, जब रिश्तों में कोई परेशानी या टकराव होता है। क्यों न इसे रोज़ की एक अच्छी आदत बना लें? कुछ पल रुककर खुद से पूछें, “मैं जिन आत्माओं से मिल रहा/रही हूँ, उनके प्रति मेरे मन में कैसे भाव हैं?” हम दूसरों के व्यवहार को तो हमेशा अपने अनुसार नहीं बदल सकते, लेकिन उन्हें कैसी ऊर्जा देनी है, यह हम ज़रूर चुन सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति बार-बार हमारे मन में बेचैनी या नाराज़गी लाता है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि उसके साथ हमारा कोई पुराना कर्मों का हिसाब अभी बाकी है। इस दीपावली आइए, उन पुराने हिसाबों को शब्दों से नहीं, बल्कि शांति और शुभकामनाओं के वाइब्रेशन से चुक्तू करें। जब हम माफ करते हैं, शुभभावनाएँ देते हैं और पुरानी बातों को छोड़ देते हैं, तो दुखों के पुराने खाते बंद हो जाते हैं और प्रेम, रोशनी व आपसी तालमेल से भरे नए दिव्य खाते खुल जाते हैं।

कर्मों का सूक्ष्म हिसाब किताब कैसे चुक्तू करें
कर्मों का हिसाब चुकता करने की शुरुआत दूसरों के प्रति अपने विचारों और भावनाओं को बदलने से होती है। इस गाइडेड मेडिटेशन के माध्यम से हम दूसरों को दोष देने के बजाय उन्हें समझने का प्रयास कर सकते हैं और नकारात्मक भावनाओं की जगह प्रेम और पवित्रता ला सकते हैं। इससे मन की पुरानी रुकावटें दूर करने, आंतरिक शांति पाने और क्षमा व पवित्र भावनाओं के माध्यम से रिश्तों में मधुरता लाने में मदद मिलती है।
अभी अनुभव करें
निष्कर्ष
अपने घर में दीपक जलाएँ, लेकिन अपने मन को भी रोशन करें।
कुछ नया खरीदें, लेकिन अपने नज़रिए को भी नया बनाएँ।
मिठाइयाँ बाँटें, लेकिन मुस्कान भी बाँटें।
और जब लोगों से मिलें, तो उन्हें अपने व्यवहार से दीपावली की खुशी का अनुभव भी कराएँ। क्योंकि सच्चा उत्सव बाहर नहीं, बल्कि हमारे भीतर होता है। जब हम अपने अंदर रोशनी जगाते हैं और मिलकर दूसरों के जीवन को भी रोशन करते हैं, तभी पूरी दुनिया जगमगा उठती है।









