नशामुक्त भारत के निर्माण की दिशा में ब्रह्माकुमारीज़ के मेडिकल विंग द्वारा संचालित देशव्यापी नशा मुक्ति जन-जागरण अभियान ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस अभियान को विनर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तथा लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि समाज को व्यसनमुक्त बनाने, जनस्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने और आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करती है।
ब्रह्माकुमारीज़ मेडिकल विंग के सचिव बी.के. डॉ. बनारसी लाल शाह जी के नेतृत्व में मार्च 2023 से सितंबर 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत देश के 34 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लगभग 700 जिलों में व्यापक जन-जागरण गतिविधियाँ आयोजित की गईं। अभियान के माध्यम से करोड़ों लोगों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और व्यसनमुक्त जीवन अपनाने की प्रतिज्ञा के लिए प्रेरित किया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर मिस इंडिया डॉ. ईशा अग्रवाल एवं बी.के. डॉ. दीपक हरके ने बी.के. डॉ. बनारसी लाल शाह जी को वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बी.के. जयंती दीदी, महासचिव बी.के. करुणा भाई, अतिरिक्त महासचिव बी.के. डॉ. प्रताप मिता भाई, जैन मुनि अंबावड़ी सेवा केंद्र की प्रभारी बी.के. शारदा दीदी सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संस्था की ओर से मिस इंडिया डॉ. ईशा अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। अभियान को सफल बनाने तथा नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए पंजाब ज़ोन की निदेशिका बी.के. प्रेम दीदी, बी.के. उत्तरा दीदी सहित ज़ोन की वरिष्ठ बहनों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैलियों, शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रमों तथा राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, परिवारों को नशामुक्ति के संकल्प से जोड़ने और समाज में स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. बनारसी लाल शाह जी ने इस उपलब्धि को परमात्मा शिव बाबा, ब्रह्मा बाबा, दादियों, शिक्षिका बहनों, ज़ोन इंचार्ज तथा अभियान में सहयोग देने वाले लाखों भाई-बहनों के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल गौरव का विषय नहीं, बल्कि नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक दृढ़ करने की प्रेरणा है। उन्होंने अपने जीवन के शेष समय को नशामुक्त भारत तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
मिस इंडिया डॉ. ईशा अग्रवाल ने भी आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग मेडिटेशन के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आध्यात्मिकता उन्हें मानसिक स्थिरता, शांति और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने में सहयोग देती है।
तीन वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज यह उपलब्धि केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागृति के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है। ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान जन-जन को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने और एक शांतिपूर्ण, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश देता है।































